हिमाचल: तीन दिन हड़ताल पर रहेंगे बैंक कर्मी, यूनियन बोली- कर्मचारियों के पास और कोई विकल्प नहीं
हिमाचल प्रदेश यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने मांगों को न मानकर कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को मजबूर किया है। 30 माह से मांगों को लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था।
विस्तार
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन(यूएफबीयू) के आह्वान पर बैंक कर्मचारी 28 से 30 सितंबर तक तीन दिन हड़ताल पर रहेंगे। शुक्रवार को शिमला में हिमाचल प्रदेश यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन ने पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। इसमें यूनियन के हिमाचल संयोजक नरेंद्र शर्मा सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यूनियन बैंकों की हड़ताल को लेकर अपनी स्थिति स्पष्ट की। फोरम के पदाधिकारियों संयोजक नरेंद्र शर्मा, एआईबीओसी एचपी के आशुतोष शर्मा व खेम राज वर्मा ने कहा कि सरकार ने मांगों को न मानकर कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को मजबूर किया है। 30 माह से मांगों को लागू नहीं किया गया। कर्मचारियों के पास कोई दूसरा विकल्प नहीं था। 11 सितंबर को सांकेतिक हड़ताल की, लेकिन सरकार मामले का हल करने के लिए आगे नहीं आई।
हड़ताल के दाैरान ये बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी, रविवार को खुले रहेंगे बैंक
यूनियन नेताओं ने कहा कि हड़ताल में ग्राहकों, आम जनता को अधिक परेशानी न हो, इसका प्रयास रहेगा। आरबीआई ने इसके लिए रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को खुला रखने का सर्कुलर जारी किया है। शनिवार को बैंक बंद है, रविवार को वर्किंग रहेगी। सोमवार, मंगलवार व बुधवार को बैंकों में हड़ताल रहेगी। इस दौरान यूपीआई, ऑनलाइन बैंकिंग, एटीएम के माध्यम से पैसा निकालने, मशीन से जमा करवाने जैसी सुविधाएं जारी रहेंगी। यूनियन के नेताओं ने आम जनता व बैंक ग्राहकों से 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान सहयोग करने की अपील भी की। पत्रकार वार्ता में एआईबीओसी के आशुतोष शर्म व, खेम राज वर्मा, एसबीआई अधिकारी संघ के दीपक, एआईपीएनबीओए के सिद्धार्थ, एसबीआई अधिकारी संघ के दिनेश शर्मा, यूको बैंक अधिकारी संघ के पीयूष राठौर, कैनरा बैंक अधिकारी संघ के मनीष मच्छान, एसबीआई स्टाफ एसोसिएशन के अंकुश मेहता, एआईबीईए के अंकुर रोहल, एआईबीईए पीएनबीएसए के नितिश शर्मा, बीईएफआई के राजिंद्र कुमार और यूबीआई अधिकारी संघ के मिथुन वर्मा भी माैजूद रहे।
इन मांगों को लेकर हो रही हड़ताल
यूनियन लंबे समय से बैंकिंग क्षेत्र में पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग कर रहा है, जिसके तहत शनिवार और रविवार हो। यूनियन ने नई प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (पीएलआई) योजना को वापस लेने की मांग की है, जिसे एकतरफा रूप से लागू किया गया है। यूनियनों के अनुसार, सरकार की ओर से हस्ताक्षरित समझौते पर ढाई वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद भी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। ऐसे में बैंक कर्मचारियों एवं अधिकारियों के पास आंदोलन का रास्ता अपनाने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचा है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.