Suryakumar Yadav: T20 विश्वकप से पहले क्या सूर्यकुमार यादव फॉर्म में करेंगे वापसी? साल 2025 में सबसे खराब खेले
संख्याएं हमेशा सच बोलती हैं और यह सच कड़वा है। 2025 में उनका प्रदर्शन असामान्य रूप से गिरा है। चार शतकों वाला बल्लेबाज, जिसने 394 टी20 छक्के उड़ाए हैं, अचानक संघर्ष करता हुआ दिखाई पड़ रहा है।
विस्तार
जब विराट कोहली, रोहित शर्मा और बाबर आजम जैसे दिग्गज, टी20 क्रिकेट में बल्लेबाजी के नए नियम गढ़ रहे थे, तब सुर्यकुमार यादव ने महज टी20 अंतरराष्ट्रीय शुरुआत ही की थी। वह भी लगभग 30 साल की उम्र में। शुरुआत धीमी होने के बावजूद सूर्यकुमार की उड़ान इतनी तेज थी कि कुछ महीनों में ही वह दुनिया के नंबर-एक टी20 अंतरराष्ट्रीय बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सीढ़ियां नहीं लीं, उन्होंने एलिवेटर लिया। सूर्यकुमार टीम इंडिया के लिए एक तेज, विस्फोटक और भरोसेमंद बल्लेबाज बनकर सामने आए।
हालांकि, यह साल उनके लिए कुछ खास नहीं रहा है और अब तक के उनके करियर का सबसे खराब साल रहा है। वह खराब गेंदों पर भी अपने विकेट गंवा रहे हैं। अगले साल फरवरी में टी20 विश्व कप होना है और कप्तानी का जिम्मा सूर्यकुमार के कंधों पर ही होगा। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या वह फॉर्म में लौट पाएंगे और टीम इंडिया को ट्रॉफी डिफेंड करने में मदद कर पाएंगे? उनका फॉर्म में होना टीम इंडिया के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
सूर्यकुमार- दुनिया के नए मिस्टर 360
कुछ ही समय में सुर्यकुमार सिर्फ फिनिशर नहीं रहे, वह दुनिया के नए मिस्टर 360° बन गए। शॉट्स ऐसे जैसे फिजिक्स के नियम तोड़ रहे हों। मैदान के किसी भी कोने में टाइमिंग और प्लेसमेंट के साथ शॉट देखने का अद्भुत नजारा होता था। सब कुछ असामान्य, लेकिन फिर भी शानदार। उनका प्रभाव ऐसा था कि चयनकर्ताओं ने उन्हें कप्तानी तक सौंप दी। लेकिन क्रिकेट हमेशा परीक्षा लेता है, खासकर उन खिलाड़ियों की जिन्होंने ऊंचाइयां छुई हों।
अब फॉर्म की चुनौती अलग
35 साल के सुर्यकुमार यादव अब एक ऐसे चौराहे पर खड़े हैं, जहां वह एक-एक रन के लिए जूझ रहे हैं। उस गति से बल्लेबाजी नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उन्होंने दुनिया को अपना कायल बनाया था। एशिया कप 2025 में भी वह जूझते दिखे थे। 2025 उनका सबसे मुश्किल साल रहा है। कोई फिफ्टी नहीं, स्ट्राइक-रेट गिरा हुआ और शॉट्स से पहले वाली धार भी गायब दिखी। हर डॉट बॉल भारी लगती है। हर आउट सवाल खड़ा करता है कि क्या टी20 विश्व कप से सूर्य फिर चमक पाएगा? हालांकि, अब समय कम है, क्योंकि टी20 वर्ल्ड कप होने में सिर्फ दो महीने बाकी हैं। भारतीय टीम के लिए सुर्यकुमार सिर्फ एक बल्लेबाज नहीं हैं, वह गति, इरादे और आधुनिक टी20 क्रिकेट की परिभाषा हैं।
2025: सुर्यकुमार का सबसे खराब साल
संख्याएं हमेशा सच बोलती हैं और यह सच कड़वा है। 2025 में उनका प्रदर्शन असामान्य रूप से गिरा है। चार शतकों वाला बल्लेबाज, जिसने 394 टी20 छक्के उड़ाए हैं, अचानक संघर्ष करता हुआ दिखाई देता है। ऐसा खिलाड़ी जो गेंद को बस देखता था और हिट कर देता था, अब कोशिश करता दिख रहा है।
| साल | मैच | रन | औसत | स्ट्राइक-रेट | सर्वाधिक स्कोर |
|---|---|---|---|---|---|
| 2021 | 11 | 244 | 34.85 | 155.41 | 62 |
| 2022 | 31 | 1164 | 46.56 | 187.43 | 117 |
| 2023 | 18 | 733 | 48.86 | 155.95 | 112* |
| 2024 | 18 | 429 | 26.81 | 151.59 | 75 |
| 2025 | 17 | 184 | 15.33 | 127.77 | 47* |
अगर सुर्यकुमार को आत्मविश्वास और पुराना जादू वापस पाना है, तो दक्षिण अफ्रीका से बेहतर विपक्ष शायद कोई नहीं। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सूर्यकुमार का बल्ला खूब बोलता है। इस टीम के खिलाफ सूर्यकुमार ने 10 पारियों में 41.33 की औसत और 163.87 के स्ट्राइक रेट से 372 रन बनाए हैं। इनमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं। साथ ही एक और रिकॉर्ड उनके सामने खड़ा है। अगर वह इस सीरीज में 58 रन बनाते हैं, तो रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित ने 429 रन बनाए थे। एक सही पारी और कहानी फिर बदल सकती है।
दक्षिण अफ्रीका से सीरीज के बाद भारत के पास न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच टी20 और हैं, लेकिन भारत यह इंतजार नहीं करना चाहेगा। उन्हें SKY की चमक अभी चाहिए, बाद में नहीं। क्योंकि ये सिर्फ रन की बात नहीं…ये आत्मविश्वास, मानसिकता और पहचान की वापसी की बात है। जब सुर्यकुमार यादव अपने बेस्ट पर होते हैं, तो क्रिकेट एक आर्ट और सूर्यकुमार आर्टिस्ट बन जाते हैं। अब सवाल ये नहीं कि वह कर सकते हैं या नहीं...सवाल ये है कि कब करेंगे। टी20 वर्ल्ड कप नजदीक है और पूरा भारत SKY की चमक देखने का इंतजार कर रहा है।