IPL 2026: 'यह जगह मेरा घर है...', RCB की दूसरी लगातार ट्रॉफी के बाद विराट ने ऐसा क्या कहा कि फैंस भावुक हो गए?
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का इतिहास रच दिया। इसके बाद टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा करते हुए आरसीबी को अपना घर बताया। कोहली ने पूरे सीजन में टीम की एकजुटता, संघर्ष और प्रशंसकों के समर्थन की सराहना की। फाइनल में उन्होंने नाबाद 75 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर आरसीबी को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के कुछ दिनों बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने टीम और फ्रेंचाइजी के साथ अपने रिश्ते को लेकर भावुक पोस्ट साझा किया। RCB ने फाइनल में गुजरात टाइटंस को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी बार आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम की थी। कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा करते हुए पूरे सीजन की यात्रा को याद किया। उन्होंने टीम की एकता और संघर्ष को विशेष बताया।
विराट ने लिखा, 'हमने सीजन की शुरुआत विश्वास के साथ की थी और अंत लगातार दूसरे खिताब के साथ किया। इस टीम ने हर भावना को साथ जिया। ऊंचाइयां, दबाव, चुनौतियां और प्रशंसकों का अटूट समर्थन। यह सफलता इसलिए और खास है क्योंकि... यह जगह मेरा घर है।'
Started the season with belief. Ended with back to back titles. 🏆
— Virat Kohli (@imVkohli) June 9, 2026
This team lived every emotion together. The highs, the pressure, the hurdles, and the unwavering support. It feels extra special because… this place is HOME! ❤️ @RCBTweets pic.twitter.com/H02HdsHCX3
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने शानदार प्रदर्शन किया। पहले गेंदबाजी करते हुए टीम ने गुजरात टाइटंस को 20 ओवर में 155/8 के स्कोर पर रोक दिया। इसके जवाब में आरसीबी ने लक्ष्य को 18 ओवर में ही पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत में विराट कोहली सबसे बड़े नायक साबित हुए। उन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए, जिसमें नौ चौके और तीन छक्के शामिल थे। उनकी संयमित और आक्रामक पारी ने टीम की जीत सुनिश्चित कर दी।
गुजरात की ओर से वॉशिंगटन सुंदर ने नाबाद 50 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा समर्थन नहीं मिला। RCB के लिए रसिख दार सलाम ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने दो-दो विकेट लेकर गुजरात की बल्लेबाजी को दबाव में रखा।
विराट कोहली ने पूरे सीजन में शानदार बल्लेबाजी की। वह आईपीएल 2026 में चौथे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने 16 पारियों में 675 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 56.25 और स्ट्राइक रेट 165.84 का रहा। कोहली ने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए, जबकि उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 105 रन रहा। लगातार दूसरे खिताब के साथ आरसीबी ने अपनी बादशाहत कायम रखी, वहीं विराट कोहली का भावुक संदेश यह दिखाता है कि फ्रेंचाइजी के साथ उनका रिश्ता सिर्फ क्रिकेट तक सीमित नहीं, बल्कि भावनाओं से भी गहराई से जुड़ा हुआ है।