क्रीड़ा प्रतियोगिता: 21 स्वर्ण के साथ पदक तालिका में छत्तीसगढ़ का दबदबा, उत्तराखंड के खाते में दो स्वर्ण
प्रतियोगिता में फुटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, रायफल शूटिंग, ब्रिज, बास्केटबाल आदि प्रतियोगिताएं हुईं।
विस्तार
अखिल भारतीय वन क्रीड़ा प्रतियोगिता में दूसरे दिन भी छत्तीसगढ़ का दबदबा रहा। वहीं, विभाग ने दूसरे दिन पदक तालिका भी जारी कर दी। इसमें अब तक छत्तीसगढ़ 37 पदक के साथ पहले स्थान पर है। जबकि महाराष्ट्र ने 24 पदक तो मेजबानी कर रहे उत्तराखंड ने दो स्वर्ण सहित अब तक 13 पदक कब्जाए हैं।
बृहस्पतिवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में फुटबाल, हॉकी, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, कैरम, रायफल शूटिंग, ब्रिज, बास्केटबाल आदि प्रतियोगिताएं हुईं। इनमें छत्तीसगढ़ ने 21 स्वर्ण के साथ सात रजत और नौ कांस्य पदक हासिल किए। दूसरे स्थान पर रहे महाराष्ट्र ने 10 स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक जीते। केरल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए सात स्वर्ण, 11 रजत और 11 कांस्य पदक पर कब्जा किया। इसके अलावा उत्तराखंड ने भी शूटिंग, वॉलीबाल, बैडमिंटन सहित कई प्रतियोगिताओं में दो स्वर्ण के साथ सात रजत और चार कांस्य पदक जीते।
वेट लिफ्टिंग में उत्तराखंड की सोनम फरस्वाण ने महिला वेटरन 53.01 से 58 किलोभार में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। इसके अलावा पावर लिफ्टिंग में 47.01-52 किलोभार वर्ग में सावित्री गिरि ने स्वर्ण जीता। वेट लिफ्टिंग में दीपा शाह ने 58.01 किलो से 63 किलो भार वर्ग में रजत पदक, कुमारी नव्या पांडे ने 48 किलो भार वर्ग में रजत पदक पर कब्जा किया।
वेट लिफ्टिंग महिला ओपन 47 किलो भार में ललिता आर्य ने रजत, रेखा देवी ने 63.01 किलो से 69 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता। इसके अलावा स्टेडियम में निशानेबाजी की प्रतियोगिता हुई। इसमें 30 मीटर में अजय सिंह कंडारी और पूजा पयाल ने रजत पदक हासिल किया।
Dehradun Literature Festival: दून में शुक्रवार से जुटेंगे दिग्गज...साहित्य, सिनेमा और समाज पर होगा मंथन
कर्नाटक ने 22, मध्य प्रदेश ने जीते 10 पदक
कर्नाटक ने पांच स्वर्ण, नौ रजत के साथ 22 पदक जीत पदक तालिका में चौथे नंबर पर जगह पाई। मध्य प्रदेश ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पांच स्वर्ण के साथ 10 पदक, तमिलनाडु ने तीन स्वर्ण के साथ 10 पदक और उत्तर प्रदेश ने एक स्वर्ण के साथ तीन पदक हासिल किए।
साइकिलिंग में दिखाया दम, समीक्षा ने जीता स्वर्ण
बृहस्पतिवार को साइकिलिंग प्रतियोगिता भी हुई। प्रतियोगिता 25 किमी और 40 किमी की रही। इसमें 25 किमी में महिला ओपन में महाराष्ट्र की समीक्षा ने स्वर्ण जीता। महिला वेटर्न में महाराष्ट्र की शांता ने स्वर्ण हासिल किया। वहीं, पुरुष ओपन वर्ग की 40 किमी प्रतियोगिता में महाराष्ट्र के ब्रह्मकुमार ने स्वर्ण और पुरुष वेटर्न वर्ग में महाराष्ट्र के ही आरसी हाकिम ने स्वर्ण जीता।