डिलीवरी बॉय का कत्ल!: भट्ठे के पास लहूलुहान मिला विपिन...दो घंटे सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस; लगाए ये आरोप
मोदीनगर में एक डिलीवरी बॉय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सोमवार रात लगभग एक बजे फफराना भट्ठे के पास विपिन का लहूलुहान शव मिलने से हड़कंप मच गया। जहां पुलिस इस घटना को प्रथमदृष्टया एक सड़क हादसा मान रही है।
विस्तार
निवाड़ी के गांव सौंदा निवासी विपिन कश्यप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। विपिन का शव सोमवार रात करीब एक बजे सौंदा- शेरपुर स्थित फफराना भट्ठे के पास बरामद हुआ।
मंगलवार सुबह अस्पताल के बाहर जमा परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मोदीनगर और निवाड़ी पुलिस सीमा विवाद में उलझ गई। पुलिस घटना को प्रथमदृष्टया हादसा मान रही है।
गांव सौंदा के रहने वाले बिजेंद्र कश्यप का पुत्र विपिन कश्यप एक निजी कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था। सोमवार को विपिन काम पर गया। मगर देर रात तक लौटा नहीं। परिजन विपिन को खोजते हुए सोमवार रात करीब एक बजे सौंदा-शेरपुर मार्ग स्थित फफराना ईंट भट्ठे के पास पहुंचे तो वहां विपिन की बाइक पड़ी मिली।
कुछ दूरी पर ही विपिन लहूलुहान अवस्था में पड़ा था। परिजन विपिन को मोदीनगर स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। विपिन की मौत की जानकारी लगते ही मंगलवार सुबह ग्रामीणों की भीड़ अस्तपाल के बाहर जमा हो गई।
परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या कर शव फेंकने का आरोप लगा हंगामा किया। मोदीनगर और निवाड़ी पुलिस लगभग दो घंटे तक सीमा विवाद में उलझी रही। दोनों थानों की पुलिस घटनास्थल एक दूसरे के क्षेत्र में बताती रही। बाद में मोदीनगर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। एसीपी मोदीनगर अमित सक्सेना का कहना है कि प्रथमदृष्टया सड़क हादसा लग रहा है। सभी बिन्दुओं पर जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें: हत्या के 20 दिन बाद मिला शव: हत्यारे ने दी ऐसी मौत... कपड़ों से हो सकी पहचान; कत्ल की रात का हर राज फाश