NEET: नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों का जायजा लेने NTA पहुंचे धर्मेंद्र प्रधान, राज्यों से मांगा अतिरिक्त सहयोग
NTA: नीट पुनर्परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा के लिए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान एनटीए मुख्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र की गोपनीयता, साइबर सुरक्षा और परीक्षा सामग्री की सुरक्षित आपूर्ति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईबी, सीबीआई समेत सभी एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Dharmendra Pradhan: केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) मुख्यालय का दौरा कर नीट 2026 की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने एनटीए अधिकारियों के साथ बैठक की और परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, गोपनीयता तथा साइबर सुरक्षा उपायों का जायजा लिया।
बैठक के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि नीट परीक्षा 21 जून को आयोजित होनी है और सरकार परीक्षा प्रक्रिया को पूरी तरह सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि प्रश्नपत्र तैयार करने से लेकर परीक्षा केंद्रों तक सामग्री पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया में गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया है। इसके लिए संबंधित सभी विभागों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है।
सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को लिखा पत्र
शिक्षा मंत्री ने बताया कि इस संबंध में कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के सचिवों की बैठक भी आयोजित की गई है। उन्होंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का अनुरोध किया है।
प्रधान ने कहा कि राज्य सरकारों ने पहले भी सहयोग किया है, लेकिन इस बार और अधिक सतर्कता बरतने को कहा गया है ताकि परीक्षा निष्पक्ष और सुचारु रूप से संपन्न हो सके।
उन्होंने कहा, 'मैंने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखा है। उनका पहले भी सहयोग रहा है, इस बार थोड़ा अधिक ध्यान दिया जाए। इस बीच में अनेक राज्य के मुख्यमंत्रियों ने अपने राज्य के नीजी और चीफ सेक्रेटरी की उपस्थिति में डिस्ट्रिक्ट कलेक्टर, एसपी की मीटिंग शुरू की हैं। इसमें एनटीए के डीजी स्वयं जुड़ते हैं। अनेकों राज्यों की मीटिंग होगी, आज बिहार की मीटिंग थी। पिछले दिनों में महाराष्ट्र की मीटिंग थी। राज्यों की प्रस्तुति हो रही है।'
गृह सचिव करेंगे उच्च स्तरीय बैठक
प्रधान ने कहा कि उन्होंने मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री और रक्षा मंत्री से मुलाकात की है तथा शाम को स्वास्थ्य मंत्री से भी बैठक करेंगे। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र भी पूरे मामले पर करीबी नजर बनाए हुए है।
उन्होंने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में केंद्रीय गृह सचिव भी इस विषय पर एक उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। केंद्र सरकार की सभी संबंधित एजेंसियां अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और परीक्षा से जुड़े हर पहलू पर नजर रखी जा रही है।
एनटीए में नए अधिकारियों की तैनाती
धर्मेंद्र प्रधान ने बताया कि एनटीए की संस्थागत क्षमता को मजबूत करने के लिए कई नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। संयुक्त सचिव (Joint Secretary) और निदेशक (Director) स्तर के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि अनुभवी और नए दोनों तरह के अधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां दी गई हैं ताकि परीक्षा संचालन में किसी प्रकार की चूक न हो।
आईबी और सीबीआई के साइबर संसाधनों का भी होगा उपयोग
शिक्षा मंत्री ने कहा कि साइबर खतरों और अफवाहों से निपटने के लिए सरकार सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर रही है। इसमें इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (CBI) की साइबर क्षमताओं को भी शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक साइबर सुरक्षा तंत्र सक्रिय किया गया है और उन्हें अपनी पूरी टीम पर भरोसा है।
छात्रों से की ये अपील
एनटीए मुख्यालय के दौरे के बाद धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, 'मैं छात्रों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि वे सिर्फ अपनी तैयारी पर ध्यान दें। हम परीक्षा का आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष और बिना किसी गड़बड़ी के करेंगे।'
नीट पेपर लीक मामले में सख्त कार्रवाई की तैयारी
नीट पेपर लीक मामले पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि जांच फिलहाल सीबीआई कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि मामले में गिरफ्तार सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो, उनकी भूमिका की पूरी जांच की जाए और अदालत में शीघ्र सुनवाई सुनिश्चित कर उन्हें उदाहरणात्मक सजा दिलाई जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि जिन एजेंसियों या पक्षों ने अपने अनुबंध संबंधी दायित्वों का पालन नहीं किया, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की संभावनाओं की भी जांच की जा रही है। इस संबंध में एनटीए कानूनी सलाह ले रही है।
प्रधानमंत्री भी कर रहे हैं निगरानी
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वयं इस पूरे मामले पर नजर रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछली कमियों से सबक लिया गया है और इस बार परीक्षा प्रक्रिया को अधिक मजबूत, सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है।