Exclusive: 'सीता' बन घर-घर पहचान बनाने वाली शिव्या पठानिया को भी था डर, बोलीं- 'बिना फेक ड्रामे के शो चलेगा?'
Shivya Pathania Exclusive Interview: अभिनेत्री शिव्या पठानिया इन दिनों शो 'स्पेक्ट्रा' को लेकर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने अमर उजाला से खास बातचीत में इस शो के बहाने आजकल के कंटेंट को लेकर दिलचस्प बातें साझा कीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
टीवी पर सीता, राधा और लक्ष्मी जैसे किरदार निभाकर पहचान बनाने वाली शिव्या पठानिया जल्द रियलिटी शो 'स्पेक्ट्रा' में नजर आएंगी। दिलचस्प बात यह है कि जिस दौर में रियलिटी शो की पहचान लड़ाई, विवाद और कंट्रोवर्सी से बनती है... उसी दौर में शिव्या ऐसे शो का हिस्सा बनी हैं, जहां इनमें से कुछ भी नहीं है। हालांकि, शुरुआत में उन्हें खुद भी शक था कि बिना फेक ड्रामे के कोई शो ऑडियंस को बांध पाएगा या नहीं।
'हमें भी लगता था कि बिना कंट्रोवर्सी के शो नहीं चलेगा'
अमर उजाला डिजिटल से बातचीत में शिव्या ने कहा, 'सच कहूं तो शुरुआत में हमें भी यही लगता था कि बिना फाइट्स और फेक ड्रामे के क्या शो लोगों को एंटरटेन कर पाएगा? क्योंकि आजकल हर जगह वही देखने को मिलता है। लेकिन जब हमने इस जर्नी को करीब से जिया तो महसूस हुआ कि लोगों को सिर्फ शोर नहीं चाहिए। लोग असली इमोशंस भी देखना चाहते हैं। कलाकारों की मेहनत, उनकी परेशानियां, उनके रिश्ते और उनके स्ट्रगल भी उतने ही दिलचस्प हो सकते हैं। वैसे, हर चीज को वायरल बनाने के लिए विवाद जरूरी नहीं होता। कई बार सादगी और ईमानदारी ज्यादा गहरा असर छोड़ जाती है।'
'आज जो सबसे ज्यादा शोर मचाता है, वही सबसे पहले बिकता है'
ओटीटी और सोशल मीडिया के दौर में परिवार के साथ बैठकर देखा जा सके, ऐसा कंटेंट बनाना आसान नहीं रह गया है। इस पर शिव्या कहती हैं, 'आज हिट कंटेंट बनाना मुश्किल है, लेकिन साफ-सुथरा कंटेंट बनाना उससे भी ज्यादा मुश्किल हो गया है। जो चीज सबसे ज्यादा शोर मचाती है, वही सबसे पहले लोगों का ध्यान खींच लेती है। लेकिन अगर कोई परिवार साथ बैठकर कुछ देखता है और बाद में उस पर बात करता है, तो उसका असर अलग होता है। ऐसे कंटेंट की उम्र भी लंबी होती है।'
'कभी-कभी लगता है कि कितना भी काम कर लो, मन नहीं भरता'
शिव्या का सबसे व्यक्तिगत जवाब खुद को लेकर था। सोशल मीडिया पर परफेक्ट दिखने वाली अभिनेत्री मानती हैं कि वह भी कई बार खुद से सवाल करती हैं। वह कहती हैं, 'सोशल मीडिया पर सब कुछ परफेक्ट दिखता है। लोगों को लगता है कि आपकी जिंदगी में सब ठीक चल रहा है, लेकिन ऐसा हमेशा नहीं होता। मैं भी कई बार खुद पर सवाल उठाती हूं। कभी-कभी लगता है कि कितना भी काम कर लो, फिर भी मन नहीं भरता। हमेशा लगता है कि शायद और बेहतर कर सकती थी या और ज्यादा हासिल करना चाहिए था। मुझे लगता है कि आज की पूरी पीढ़ी इस दबाव से गुजर रही है। फर्क सिर्फ इतना है कि ज्यादातर लोग अपने ऐसे पल दुनिया को नहीं दिखाते।'
'कलाकारों को काम से ज्यादा गॉसिप के आधार पर जज किया जाता है'
जब उनसे पूछा गया कि टीवी इंडस्ट्री का कौन-सा टॉक्सिक ट्रेंड वह खत्म करना चाहेंगी, तो उन्होंने कहा, 'अगर मुझे एक चीज हटानी हो तो मैं अनावश्यक तुलना और लोगों के बारे में बनाई जाने वाली झूठी कहानियों को खत्म करना चाहूंगी। कई बार कलाकारों को उनके काम से ज्यादा गॉसिप और विवादों के आधार पर जज किया जाता है। यह काफी थका देने वाला होता है। बेहतर माहौल में बेहतर क्रिएटिविटी अपने आप निकलकर आती है।'
क्या है 'स्पेक्ट्रा'?
बता दें कि 'स्पेक्ट्रा' एक अलग तरह का रियलिटी शो है। इसमें सात कलाकार हिमालय की खूबसूरत वादियों के बीच अपनी कला दिखाते नजर आएंगे। यह शो लड़ाई-झगड़े और कंट्रोवर्सी से दूर कलाकारों की मेहनत, उनके सफर और उनकी रचनात्मकता पर आधारित है। शो को शिव्या पठानिया होस्ट कर रही हैं।