Haryana: सिरसा में युवक की चाकू से वार कर हत्या, खूनी खेल में बदला लड़की से बात करने का विवाद
संदीप के स्वजनों ने दावा किया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने हमलावरों के नाम बताए थे। उन्होंने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमला करने का आरोप लगा रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
एक युवती से बातचीत को लेकर शुरू हुआ विवाद युवक की जान पर भारी पड़ गया। वार्ड 29 के संजय कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय संदीप कुमार की चाकू से हमले के बाद मौत हो गई। मामले में परिजनों ने युवती के परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। संदीप क्रोकरी की दुकान पर काम करता था और परिवार का इकलौता बेटा था। परिजनों के अनुसार सोमवार रात उसे फोन कर बुलाया गया था। इसके बाद वह घर से निकला, लेकिन कुछ देर बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
स्वजनों का आरोप, लड़की के भाई ने की हत्या, रिकॉर्ड किया वीडियो
संदीप के स्वजनों ने दावा किया है कि अस्पताल में उपचार के दौरान संदीप ने हमलावरों के नाम बताए थे। उन्होंने उसका वीडियो भी रिकॉर्ड किया है, जिसमें वह एक युवती का नाम लेते हुए उसके भाई पर हमला करने का आरोप लगा रहा है। अब यह वीडियो जांच का महत्वपूर्ण हिस्सा बन सकता है। परिवार का कहना है कि संदीप और युवती के बीच लंबे समय से बातचीत होती थी। दोनों की वॉट्सएप चैट भी मिली है। कुछ दिन पहले युवती के परिजन संदीप के घर पहुंचे थे और उसे समझाने का प्रयास किया था। इसके बाद मामला शांत प्रतीत हो रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को झकझोर दिया।
इकलौते बेटे की मौत से टूटा परिवार
रात करीब 10 बजे संदीप दुर्गा माता मंदिर चौक की तरफ गया था। वहीं दो युवकों ने उस पर हमला कर दिया। पीठ, हाथ और पेट पर कई वार किए गए। हमलावर उसे घायल अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। अस्पताल और शवगृह के बाहर परिवार का दर्द साफ दिखाई दिया। मां का रो-रोकर बुरा हाल था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके बेटे को योजनाबद्ध तरीके से बुलाकर हमला किया गया। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कई पहलुओं पर कर रही जांच
सिटी थाना पुलिस से एसएचओ बलराज सिंह ने बताया प्रारंभिक जांच में युवकों के बीच विवाद की बात सामने आई है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मोबाइल चैट, वीडियो तथा अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।