Haryana: सोनीपत पहुंचे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कुशाल सिंह के 350वें बलिदान दिवस कार्यक्रम में की शिरकत
कार्यक्रम में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, विधायक महिपाल ढांडा और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मोहनलाल बडोली भी विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने वीर कुशाल सिंह के बलिदान और शौर्य की गाथा को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
विस्तार
सोनीपत के राई स्थित राजीव गांधी एजुकेशन सिटी में आज गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और मंच से दादा कुशाल सिंह के अद्वितीय बलिदान को शत–शत नमन किया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जब भी गुरु तेग बहादुर के बलिदान की बात होती है, तो उनके शीश की रक्षा करने वाले वीर कुशाल सिंह का नाम गर्व से लिया जाता है। धर्म और देश की रक्षा के लिए अनेक शहीदों ने अपनी जान न्यौछावर की है और उन्हीं में से एक कुशाल सिंह की शहादत हरियाणा की शान व पहचान बनी हुई है।
उन्होंने बताया कि कुशाल सिंह के जीवन पर बनाई गई फिल्म का उद्देश्य यही है कि उनके पराक्रम और बलिदान के बारे में नई पीढ़ी को जानकारी मिले। मुख्यमंत्री ने मुगल शासन के दौरान धर्म परिवर्तन के विरोध में गुरु तेग बहादुर की सतत लड़ाई और कुशाल सिंह की भूमिका पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।
नायब सिंह सैनी बोले कि जब भी मानवता पर संकट आता है, हरियाणा का जवान बलिदान देने से पीछे नहीं हटता। यह बलिदान केवल धर्म के लिए नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना और मानवता की रक्षा के लिए था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 25 तारीख को गुरु तेग बहादुर के बलिदान दिवस पर कुरुक्षेत्र में एक विशाल कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल होंगे। “हिंद की चादर” कार्यक्रम के तहत निकाली गई चार यात्राओं का समापन भी 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में ही किया जाएगा।