अमर उजाला ब्यूरो
खरगा(रामपुर बुशहर)। निरमंड खंड की खरगा पंचायत में सोमवार को अमर उजाला की ओर से अपराजिता 100 मिलियन्स स्माइल्स कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खरगा स्कूल की छात्राएं और खरगा पंचायत क्षेत्र के विभिन्न गांव से आई महिलाओं को महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि तहसील कल्याण अधिकारी निरमंड देवेंद्र ने बताया कि समाज के निर्माण में महिलाओं का सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। एक महिला के शिक्षित होने से पूरा परिवार और समाज शिक्षित होता है। महिलाओं को सशक्त बनने के लिए अपनी सोच में बदलाव लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में महिला चाहे खेलकूद में, चाहे शिक्षा में और चाहे पारिवारिक संबंध या अन्य किसी भी गतिविधि में हमेशा सबसे आगे हैं। उन्होंने तहसील कल्याण विभाग से महिलाओं को मिलने वाली सभी स्कीम और सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल खरगा के प्रधानाचार्य सुरेश ने बताया कि आज के दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के कंधे से कंधा मिला रही हैं। अपना अधिकार पाने के लिए महिलाएं स्वयं निर्णय लें और खुद सक्षम बनें।
खरगा पंचायत प्रधान मोती राम कश्यप ने बताया कि अमर उजाला की ओर से चलाया जा रहा अपराजिता कार्यक्रम महिला उत्थान के लिए मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को हमेशा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए। इस कार्यक्रम में दी जा रही जानकारी से महिलाओं को काफी लाभ पहुंच रहा है। इस मौके पर पंचायत के सभी प्रतिनिधि और स्कूल के सभी शिक्षक मौजूद रहे।
क्या कहना है महिलाओं का
जीवनी देवी ने कहा कि समाज में आए दिन महिलाओं के ऊपर अत्याचार के मामले बढ़ रहे हैं, इसलिए महिलाओं को जागरूक करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए।
2. दोहनी देवी ने कहा कि अमर उजाला की ओर से चलाया जा रहा अपराजिता अभियान एक अच्छी पहल है। इस कार्यक्रम से महिलाएं अपने अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में जागरूक होंगी, जिसका उन्हें लाभ मिलेगा।
3. छात्रा दीक्षा ने कहा कि अपराजिता कार्यक्रम में महिलाओं के क्या-क्या अधिकार हैं इस बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। इस जानकारी को आगे भी महिलाओं को जागरूक करेंगी।
4.छात्रा गोयला ने बताया कि अमर उजाला द्वारा शहर से दूर गांव में आक र महिलाओं को जागरूक करने का जो कदम उठाया है वह सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से इस तरह कार्यक्रम होना चाहिए।