Lucknow News: एमबीबीएस की परीक्षा में फेल होने पर छात्र ने दे दी जान, हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकता मिला शव
राजधानी में एमबीबीएस की परीक्षा में फेल होने पर छात्र ने जान दे दी। हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटकता उसका शव मिला। वह एक विषय छोड़कर सारे पेपर में फेल हो गया था। आगे पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
राजधानी लखनऊ में गुडंबा स्थित इंटीग्रल विवि में रहकर एमबीबीएस की पढ़ाई करने वाले छात्र राहुल कुमार विश्वास (22) ने बुधवार रात हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। तीन दिन पहले परीक्षा का रिजल्ट आया था। इसमें वह फेल हो गया था। इसी से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।
इंस्पेक्टर गुडंबा प्रभातोष श्रीवास्तव ने बताया कि मूल रूप से गोरखपुर स्थित बेलघाट निवासी राहुल कुमार विश्वास (22) एमबीबीएस फर्स्ट ईयर के छात्र थे। वह विवि परिसर में ही हॉस्टल में रहते थे। उनके मौसेरे भाई कुंदन के अनुसार तीन दिन पहले राहुल का रिजल्ट आया था। इसमें एक विषय छोड़कर सारे पेपर में बैक आया था।
घरवाले पढ़ाई करके पास होने को प्रोत्साहित कर रहे थे
राहुल ने जब घरवालों को बताया तो मां मीठू, पिता राजकुमार विश्वास बेटे को दिलासा दे रहे थे। आगे अच्छी पढ़ाई करके पास होने को प्रोत्साहित कर रहे थे। बुधवार रात 8 बजे राहुल ने मां को फोन करके बृहस्पतिवार को ऑनलाइन पेरेंट्स मीटिंग की बात बताई।
उन्होंने बेटे को समझाया और किसी भी तरह से परेशान ना होने की बात कही। इसी बीच राहुल के रूममेट ने उससे खाने के लिए मेस में चलने को कहा तो उसने 10 मिनट बाद खाना खाने की बात कहते हुए बाद में आने की बात कही। राहुल का रूममेट खाना खाने चला गया।
वार्डन ने तोड़ा दरवाजा
रूममेट कुछ देर के बाद लौट तो कमरा अंदर से बंद मिला। खटखटाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो उसने वार्डन को बताया। इसके बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो रूम में लगे पंखे में नायलान की रस्सी के सहारे राहुल को लटकते मिला।
विवि प्रशासन व अन्य छात्र राहुल को विवि परिसर में ही बने अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने उसको मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि परिजनों को देर रात सूचना दे दी गई थी। फिलहाल घरवालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। परिवार में माता-पिता के अलावा भाई सूरज है। वह पिता राजकुमार के साथ मेडिकल स्टोर चलाता है।