UP : सीएम योगी बोले-यूपी में ट्रॉफी का आना प्रदेश के स्वर्णिम इतिहास को याद कराने वाला क्षण
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस ट्रॉफी का आना प्रदेश के स्वर्णिम इतिहास को याद कराने वाला है। हॉकी इंडिया में यूपी का योगदान अविस्मरणीय है।
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु में होने वाले एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का बुधवार को अपने कालीदास मार्ग स्थित आवास पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में इसका स्वागत करना मेरे और प्रदेशवासियों के लिए आह्लादित करने वाला क्षण है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में इस ट्रॉफी का आना प्रदेश के स्वर्णिम इतिहास को याद कराने वाला है। हॉकी इंडिया में यूपी का योगदान अविस्मरणीय है। मेजर ध्यानचंद ने उत्तर प्रदेश की धरती में जन्म लिया था। उनके नेतृत्व में भारतीय हॉकी टीम ने तीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीते। प्रदेश सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्टस यूनिवर्सिटी बनवा रही है। इस वर्ष से पहला सत्र शुरू हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने हॉकी खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह भी उत्तर प्रदेश में जन्मे थे। उनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी में उनके निवास को एक म्यूजियम के रूप में बनाया जा रहा है। सीएम ने अन्य हॉकी खिलाड़ियों का भी जिक्र किया और कहा कि प्रदेश ने कई ऐसे खिलाड़ी दिए हैं, जिन्होंने हॉकी इंडिया को सम्मान दिलाया।
खिलाड़ियों के सफलता की मंगलकामना भी की
वर्तमान में भी प्रदेश के राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, पूर्णिमा महिला व पुरुष वर्ग की सीनियर-जूनियर भारतीय टीम में चयनित होकर प्रदेश और देश को गौरवांवित कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप से जुड़े पदाधिकारियों का लखनऊ आगमन पर स्वागत करते हुए इसके सफल आयोजन की भी शुभकामना दी। उन्होंने विश्वकप में भारतीय खिलाड़ियों के सफलता की मंगलकामना भी की।
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव सुहास एलवाई, निदेशक डॉ. आरपी सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आरके श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी के महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय आदि उपस्थित थे।
28 नवंबर से होगा आयोजन
एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 का आयोजन 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक चेन्नई और मदुरै में होगा। इसमें भारत, चीन, बेल्जियम जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड चिली, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया समेत 24 टीम हिस्सा ले रही हैं। मेजबान भारत, जिसने वर्ष 2001 और 2016 में यह खिताब जीता था। इस बार घरेलू धरती पर तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।