जावरा में लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू गिरफ्तार, PPO जारी करने के बदले मांगी थी रिश्वत
Ratlam: जावरा में लोकायुक्त पुलिस ने शिक्षा विभाग के बाबू अनिल वर्मा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक से पीपीओ और सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले रिश्वत मांग रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रतलाम जिले के जावरा स्थित कमला नेहरू शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी संकुल केंद्र में पदस्थ सहायक ग्रेड-2 (बाबू) अनिल वर्मा को लोकायुक्त पुलिस उज्जैन की टीम ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक से सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) जारी कराने के बदले रिश्वत की मांग की थी।
लोकायुक्त पुलिस के अनुसार, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हाटपिपल्या (ब्लॉक जावरा) के सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक लक्ष्मीनारायण लोट, निवासी विश्रामगृह के पीछे, जावरा, 31 मई 2026 को सेवानिवृत्त हुए थे। उन्होंने लोकायुक्त कार्यालय उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी कि शिक्षा विभाग के कर्मचारी अनिल वर्मा ने सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी कराने के एवज में 20 हजार रुपये की मांग की है। बाद में सौदा 10 हजार रुपये में तय हुआ।
पढ़ें: किसानों को राहत, भोपाल मेट्रो को अतिरिक्त राशि, 15 जून तक पूरे होंगे तबादले
आरोपी ने 9 जून 2026 को लक्ष्मीनारायण लोट को रिश्वत की राशि लेकर कार्यालय बुलाया था। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में जाल बिछाकर मौके पर पहुंची।
दोपहर में सेवानिवृत्त शिक्षक ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए। अनिल वर्मा ने राशि लेकर अपनी टेबल पर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी। इसके बाद शिक्षक ने पूर्व निर्धारित संकेत दिया, जिस पर लोकायुक्त दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ लिया और रजिस्टर के नीचे से रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में निरीक्षक हीना डावर सहित लोकायुक्त टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

कमेंट
कमेंट X