धरती पर समुद्र एक ऐसी जगह है जहां अनोखे जीव-जंतुओं का भंडार है। समुद्र में जीव-जंतु के अलावा तरह-तरह की वनस्पतियां और अन्य चीजें भी मिलती हैं। जीवविज्ञानी समुद्र में हो रही तमाम गतिविधियों पर नजर बनाए रखते हैं। आपको जानकर काफी हैरानी होगी कि अभी हाल ही में समुद्र में एक ऐसा जीव देखा गया है जो काफी अनोखा है। दावा किया जा रहा है कि ऐसे जीव बहुत समय बाद समुद्र में देखने को मिलते हैं। इस तरह के जलीय जीवों को देखना काफी रोमांचकारी होता है। इस जलीय जीव का नाम ब्लैंकेट ऑक्टोपस है। इस जीव को समुद्री जीवविज्ञानी शेकलटन ने ग्रेट बैरियर रीफ में लेडी इलियट आइलैंड कोस्ट के पास देखा। ऐसा भी बताया जा रहा है कि इसे 20 साल बाद देखा गया है। शेकलटन ने जब इस अनोखे जीव को देखा तो बेहद उत्साहित हुईं और इस जीव की तस्वीरों को तुरंत ही अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से शेयर किया। आइए इस जीव के बारे और भी रोचक बातें जानते हैं......
इस अनोखे जलीय जीव को लेकर जीव वैज्ञानिकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। शेकलटन ने एक पत्रकार वार्ता में कहा," जब मैंने पहली बार इसे देखा तो मुझे लगा कि यह लंबे पंखों वाली एक मछली है। मगर, जैसे ही ये मेरे नजदीक आई तो मैंने देखा कि ये एक मादा ब्लैंकेट ऑक्टोपस थी जिसे देखकर मुझे काफी खुशी हुई।
इस तरह से इस अनोखे जलीय जीव को देखना वाकई में रोमांचकारी है। ये पानी में तैरते हुए बेहद खूबसूरत लग रही थी। इसके शरीर का रंग बहुत शानदार है जिसे बार-बार देखने को मन करेगा। ऐसे जीव देखने को बहुत कम मिलते हैं।"
मादा ब्लैंकेट की सबसे खास बात है कि ये अपने सामान्य आकार से 6 फीट ज्यादा लंबाई में बढ़ सकती है। शेकलटन पिछले तीन साल से समुद्री जीवन पर शोध और अध्ययन कर रही हैं। शेकलटन बताती हैं कि ये बेहद दुर्लभ जीव है। इसे अभी तक केवल 4 बार ही देखा गया है जिसमें एक बार उन्होंने देखा है। द न्यूजीलैंड जर्नल ऑफ मरीन एंड फ्रेशवाटर रिसर्च के अनुसार, ब्लैंकेट ऑक्टोपस बहुत ही दुर्लभ समुद्री जीव है।
ये कभी-कभी ही दिखाई देता है। इसे इसका आकार ही दुर्लभ बनाता है जो 6 फीट ज्यादा लंबाई में बढ़ सकता है। नर ब्लैंकेट ऑक्टोपस 2.4 सेंटीमीटर तक बढ़ता है। इसके अलावा, मादा का वजन नर की तुलना में 40,000 गुना अधिक होता है।