इस बार मानसून दो दिन की देरी से उत्तराखंड पहुंचा। 23 जून यानी मंगलवार को राज्य में मानसून पहुंच गया और आज बुधवार को मानसून की बारिश ने लोगों को डरा दिया।
दक्षिण-पश्चिमी मानसून दो दिन की देरी से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में पहुंच गया है। मंगलवार को कुमाऊं मंडल के ज्यादातर और गढ़वाल मंडल के कुछ हिस्सों में मानसून ने अपनी दस्तक दी। शेष हिस्सों में अगले 48 घंटों के दौरान मानसून के पहुंचने का अनुमान है। इससे आज प्रदेश के कई क्षेत्रों में भारी बारिश हो सकती है।
आज बुधवार को भी अधिकतर इलाकों में मौसम खराब बना हुआ है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि आज देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।
बागेश्वर में हुई बारिश से जल भराव हो गया। यहां घरों में पानी घुस गया। बागेश्वर में सरयू नदी उफान पर है। यहां पुलिस नदी के समीप न जाने की अपील कर रही है।
कालाढूंगी-हल्द्वानी मार्ग भाखड़ा जंगल में मुख्य हाईवे में विशाल पेड़ गिर गया। एक कार पेड़ की चपेट में आ गई। उसमें सवार शिक्षक बाल-बाल बचे। आवाजाही बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।