हिमाचल में मौसम साफ रहने के पूर्वानुमान के बीच शनिवार को राजधानी शिमला, कुफरी, रोहतांग, चंबा के जोत समेत ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में सुबह धूप खिलने के बाद दोपहर बाद अचानक मौसम खराब हो गया। वहीं, मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश में पांच फरवरी तक मौसम साफ रहने के आसार हैं।
छह और सात फरवरी को प्रदेश में मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। दो दिन मौसम साफ रहने के बाद मौसम ने फिर करवट बदल ली है। शनिवार को रोहतांग के साथ ऊंची पहाड़ियों में बर्फबारी और शीतलहर चलने से तापमान में भारी गिरावट आई है।
लोगों की दुश्वारियां और बढ़ गई हैं। बर्फबारी से मनाली-लेह, आनी-जलोड़ी-औट एनएच समेत 162 सड़कें अभी भी ठप हैं। कुल्लू प्रशासन ने हिमखंड गिरने के खतरे को देखते हुए सैलानियों और लोगों को सतर्क रहने को कहा है।
जिला चंबा के जोत में शनिवार को छह इंच ताजा बर्फबारी हुई। पांगी मार्ग बंद होने से कई क्षेत्रों का संपर्क कट गया है। जनजातीय जिला किन्नौर में शुक्रवार देर रात बर्फबारी हुई। ताजा बर्फबारी से जिले में फिर से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है।
जिले के भावानगर उपमंडल की 14, कल्पा और पूह खंड की 22 ग्रामीण सड़कें यातायात के लिए पूरी तरह से बाधित हो गई हैं। उधर, प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।