आगरा मंडल में शनिवार की सुबह छाए घने कोहरे ने कोहराम मचा दिया। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे के कारण कई वाहन आपस में टकरा गए। फिरोजाबाद और मथुरा जिले में हुए इन हादसों में एक बस चालक की मौत हो गई। जबकि कई लोग घायल हुए हैं। अगली स्लाइड्स में देखिए दर्दनाक हादसों की तस्वीरें....
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार की सुबह कोहरे के कारण मैनपुरी और फिरोजाबाद की सीमा के पास चार बसों समेत कई वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे में एक बस चालक की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। घायलों को सैफई रेफर किया गया है।
फिरोजाबाद में शनिवार तड़के चार बजे से ही घना कोहरा छाया था। सुबह तकरीबन सात बजे कोहरे के कारण लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 77 पर कई वाहन आपस में भिड़ गए। सभी वाहन आगरा से लखनऊ की ओर जा रहे थे। वाहनों की टक्कर होते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई।
फिरोजाबाद में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में एक बस के चालक भरत सिंह निवासी चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) की मौत हो गई। कई घायल यात्री सैफई रेफर किए गए हैं। क्रेन मंगाकर सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया गया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों में चार बसें, एक एंबुलेंस और कई कारें शामिल हैं।
कोहरे का कहर मथुरा जिले में भी देखने को मिला। थाना मांट क्षेत्र में शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल प्लाजा पर कोहरे के कारण एक दर्जन से अधिक वाहन आपस में टकरा गए। हादसा होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीछे से आ रहे वाहनों को रुकवा दिया। इसके बाद एक्सप्रेसवे से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया।