VIDEO: आयरलैंड के खिलाफ रोनाल्डो को रेड कार्ड, बैन का खतरा; फ्रांस ने फीफा विश्व कप के लिए क्वालिफाई किया
रोनाल्डो का लाल कार्ड पुर्तगाल के लिए बड़ा झटका है। अब उनका वर्ल्ड कप 2026 के शुरुआती मैच में खेल पाना अनिश्चित है। फ्रांस ने अपनी ताकत साबित की, इंग्लैंड अपनी लय में है, जबकि पुर्तगाल और नॉर्वे के लिए अगला मैच सब कुछ तय करेगा।
विस्तार
डबलिन में खेले गए मुकाबले में आयरलैंड ने पुर्तगाल को 2-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। मैच के दौरान लगभग एक घंटे के समय पर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने डिफेंडर डारा ओ'शे की पीठ पर कुहनी मारी।
पहले रेफरी ने पीला कार्ड दिया, लेकिन VAR की समीक्षा के बाद इसे सीधा लाल कार्ड घोषित कर दिया गया। रोनाल्डो ने मैदान छोड़ते समय आयरलैंड फैंस की ओर ताली बजाकर और थंब्स-अप दिखाकर तंज कसा, जिसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी खूब आलोचना हुई। फीफा नियमों के मुताबिक, हिंसक आचरण पर कम से कम तीन मैच का बैन और गंभीर फाउल प्ले पर दो मैच का बैन लगता है। ऐसे में अगर बैन लंबा होता है तो वे वर्ल्ड कप 2026 के पहले मैच से बाहर रह सकते हैं।
Look at Ronaldo’s shirt, this is a clear foul. He was just trying to shake off. What a shame, never a red card..
— Cristiano Ronaldo News (@CRonaldoNews) November 14, 2025
pic.twitter.com/XbZQRt2lXh
Cristiano Ronaldo’s red card against Ireland.🟥 pic.twitter.com/Py1QCVuSVE
— Epic Red Cards (@epicredcards) November 14, 2025
Cristiano Ronaldo making a crying gesture towards Nathan Collins.
— george (@StokeyyG2) November 13, 2025
5 minutes later, Ronaldo was sent off for a straight red card. pic.twitter.com/6qvF3oIYc0
मैच में आयरलैंड के युवा फॉरवर्ड ट्रॉय पैरट ने 17वें और हाफ टाइम से ठीक पहले दो गोल दागकर पुर्तगाल को हतप्रभ कर दिया। पुर्तगाल अब भी ग्रुप F में टॉप पर है, लेकिन क्वालिफाई करने के लिए अब अगला मैच निर्णायक होगा।
दूसरी ओर, फ्रांस ने यूक्रेन को 4-0 से हराकर अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई कर लिया। यह जीत ऐसे दिन आई जब फ्रांस ने पेरिस हमलों की 10वीं बरसी पर पीड़ितों को याद किया। किलियन एम्बाप्पे सहित ओलिसे और एकिटिके ने गोल दागे। कोच डिडिएर डेशैंप्स ने कहा, 'हमने लक्ष्य हासिल किया। इस भावनात्मक माहौल में जीत खास मायने रखती है।'
एर्लिंग हालंद की दो गोलों वाली शानदार परफॉर्मेंस के बावजूद नॉर्वे को भी क्वालिफिकेशन के लिए इंतजार करना पड़ेगा। इटली के खिलाफ मोल्डोवा मैच में 88वें मिनट के गोल ने नॉर्वे का सीधा टिकट रोक दिया। अब नॉर्वे और इटली आमने-सामने होंगे और यह मैच ब्लॉकबस्टर साबित हो सकता है।
ग्रुप K में पहले ही क्वालिफाई कर चुकी इंग्लैंड ने सर्बिया को 2-0 से हराया, जबकि अल्बानिया ने दूसरे स्थान पर कब्जा किया।