आगरा में मलपुरा के एक गांव में पांच साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या करने वाला शादी समारोह में शामिल हुआ था। उसके गले में एक गमछा पड़ा था। यह घटनास्थल पर पुलिस को पड़ा मिला। पुलिस ने शादी की वीडियो रिकॉर्डिंग देखी। इसमें रिश्तेदार के गले में गमछा नजर आ रहा है। ऐसे में पुलिस का शक गहरा गया है। शह के घेरे में आया रिश्तेदार घर से भी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पांच साल की बालिका को शादी समारोह से अगवा किया गया। 200 मीटर की दूरी पर दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस जब खेत में पहुंची तो बालिका का हेयर बेंड पड़ा मिला। इसके बाद सैंडल पड़ी थीं। कुछ दूरी पर ही सरसों के बीच छिपाया गया शव भी मिल गया। शव के पास ही एक सफेद रंग का गमछा भी पड़ा था। पुलिस ने घटनास्थल से लोगों को दूर कर दिया। इसके बाद फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य संकलन किया। पुलिस को गमछे से ही महत्वपूर्ण सुराग मिला। इससे पहले पुलिस के पास कोई सुराग नहीं था।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि गमछा मथुरा के फरह से आए रिश्तेदार संजय के गले में पड़ा हुआ देखा था। वह अविवाहित है। इस पर पुलिस ने शादी में की गई वीडियो रिकॉर्डिंग को देखा। इसमें भी गमछा संजय के गले में नजर आ रहा था। उसे रिश्तेदारों ने बालिका के साथ देखा था। इससे शक पुख्ता हो गया। यही अनुमान लगाया गया है कि वह बच्ची को ले गया। दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी। गमछा वहीं छूट गया। संजय तड़के ही घर से निकल गया था। सीओ अछनेरा महेश कुमार ने बताया कि संजय पर शक है। उसकी तलाश की जा रही है। उसने अपना मोबाइल स्विच आफ कर लिया है। वह कुछ देर के लिए मोबाइल खोलता है। इसके बाद बंद कर लेता है। वह कुछ रिश्तेदारों से बात कर रहा है। पुलिस के बारे में पूछता है। उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम को लगाया है।
बच्ची के साथ खेत की ओर जाते देखा
परिजनों ने तहरीर में लिखा है कि परिवार के लोग शादी के कार्यक्रम में व्यस्त थे। रात 11 बजे तक बच्ची पंडाल में मौजूद थी। रात में दिखाई नहीं दी तो उसके कहीं सो जाने के बारे में सोचा। बृहस्पतिवार सुबह उसकी तलाश की। बाद में शव मिल गया। शादी में आए संजय पर शक है। उसे बच्ची के साथ पंडाल से खेत की ओर जाते हुए देखा गया था। पुलिस ने हत्या, दुष्कर्म, पोक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
परिजन बोले-आरोपी को जल्द करें गिरफ्तार
पुलिस के पहुंचने पर परिवार के लोगों ने कहा कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाए। उसे कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उसने बेटी की जान ले ली। हत्या की घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
ताजनगरी में पहले भी दरिंदगी का शिकार हुईं बेटियां
ताजनगरी में बेटियों के साथ दरिंदगी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी घटनाएं हो चुकी हैं। दुष्कर्म और हत्या के बाद आरोपी शव फेंककर भाग चुके हैं। अधिकतर घटनाओं में आरोपी जानकार ही निकलते हैं।
- नवंबर 2017 : थाना एत्मादपुर क्षेत्र में सात साल की बालिका की दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई। शव एक स्कूल के मैदान में मिला था।
- नवंबर 2017 : दस साल की बालिका से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या। शव यमुना किनारे जंगल में फेंका गया।
- मार्च 2021 : सिकंदरा थाना क्षेत्र में 14 साल की किशोरी की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या। शव जंगल में फेंका। पुलिस ने दो आरोपी किए गिरफ्तार।
- नवंबर 2021 : मलपुरा में छह साल की बालिका से दुष्कर्म। आरोपी रेलवे लाइन के पास छोड़कर भागा। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार।
- 29 नवंबर : थाना हरीपर्वत क्षेत्र में छह साल की बालिका से दुष्कर्म। आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल।
आगरा: मासूम की हत्या से सनसनी, शादी समारोह से लापता हुई बालिका का शव खेत में मिला, दुष्कर्म की आशंका