Aligarh News: डब्बू दालसेव की पेटीज में खराब आलू निकलने का आरोप, हंगामा, नमूने लेकर जांच को भेजे
शिकायतकर्ता का आरोप है कि पेटीज के अंदर मौजूद आलू काले और खराब गुणवत्ता के थे। ग्राहक ने पेटीज और उसमें मौजूद कथित खराब आलू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ शहर के बन्नादेवी क्षेत्र स्थित डब्बू दालसेव से खरीदी गई पेटीज में खराब आलू मिलने का मामला सामने आया है। जितेंद्र वार्ष्णेय ने पेटीज में इस्तेमाल आलू को खराब और काला बताते हुए इसकी शिकायत दुकानदार से की। खाद्य सुरक्षा विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। दुकानदार ने समझौता के नाम पर एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त डॉ. दीनानाथ यादव ने बताया कि जितेंद्र नाम के व्यक्ति ने सोमवार को दोपहर दो बजे दुकान से पेटीज खरीदी। शाम चार बजे दुकान पर आकर आलू खराब होने का दावा किया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पेटीज के अंदर मौजूद आलू काले और खराब गुणवत्ता के थे। ग्राहक ने पेटीज और उसमें मौजूद कथित खराब आलू का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।
इस पर लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए हैं। खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त दीनानाथ यादव ने बताया कि मौके पर कोई खराब वस्तु नहीं मिली है। खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गर्मी में खाने की वस्तु जल्दी खराब हो जाती है। ग्राहक की शिकायत पर पेटीज बदल कर देने का प्रस्ताव दिया, लेकिन वह झगड़ा करने पर उतारू हो गए। उन्होंने समझौता करने के एवज में एक लाख रुपये की मांग कर दी। इससे उनकी नीयत पर संदेह हुआ। पुलिस को हमने भी शिकायत की है। नमूने भरे गए हैं। हमें अपनी गुणवत्ता पर भरोसा है। - विकास अग्रवाल, स्वामी, डब्बू दालसेव