{"_id":"692e3563aaa186135e04f71d","slug":"night-temperature-reached-near-six-degrees-celsius-in-bareilly-2025-12-02","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bareilly Weather: पछुआ हवा से ठिठुरे लोग, छह डिग्री सेल्यियस के करीब पहुंचा रात का तापमान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bareilly Weather: पछुआ हवा से ठिठुरे लोग, छह डिग्री सेल्यियस के करीब पहुंचा रात का तापमान
अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
Published by: मुकेश कुमार
Updated Tue, 02 Dec 2025 06:10 AM IST
सार
बरेली में पछुआ हवा से ठंड बढ़ गई है। रात का तापमान छह डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। मौसम विशेषज्ञ ने अगले दो दिनों में तापमान में और गिरावट होने का अनुमान जताया है।
विज्ञापन
स्टेशन पर ठिठुरे यात्री
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
विस्तार
बरेली में दिसंबर की शुरुआत ठिठुरन के साथ हुई। पछुआ हवा की वजह से रात का पारा लुढ़ककर छह डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे में तापमान में दो डिग्री और गिरावट होने का अनुमान जताया है। विशेषज्ञों का कहना है कि प्रशांत महासागर में ला नीना के क्षीण प्रभाव से इस बार ठंड फरवरी तक हावी रहेगी।
Trending Videos
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, बीते 12 वर्षों में दिसंबर की शुरुआत में न्यूनतम पारा छह डिग्री के करीब कभी नहीं पहुंचा। वर्ष 2024 में एक दिसंबर को न्यूनतम पारा 9.7, 2023 में 11.5, 2022 में 16, 2021 में 9.3, 2020 में 9.1, 2019 में 10.5, 2018 में 9.8, 2017 में 7.8, 2016 में 13.0, 2014 में 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इस बार फरवरी तक ठंड हावी रहेगी। मार्च में भी हल्की ठंड बरकरार रहने का अनुमान है।
विज्ञापन
विज्ञापन
अतुल कुमार ने बताया कि रविवार की रात तेज पछुआ हवा चलने से ठिठुरन बढ़ी। सोमवार सुबह आठ बजे चटक धूप निकली, पर सर्द हवा से बेअसर रही। अधिकतम पारा भी एक डिग्री लुढ़ककर 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
सामान्य से ज्यादा ठंडा रहा नवंबर
मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक, इस वर्ष नवंबर का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस कम रहा। औसत अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम दर्ज हुआ। वर्तमान में इस वर्ष हिंद महासागरीय द्विध्रुव की तटस्थ परिस्थितियों में बदलाव होने से औसत तापमान सामान्य से कम बने रहने का पूर्वानुमान है। उन्होंने इस बार शीतलहर के दिनों में भी बढ़ोतरी होने की बात कही।