Auraiya: महिला ने ऑटो से उतरकर नहर में लगाई छलांग; बाजार से लौटते समय अचानक कूदी, तलाश में जुटे गोताखोर
Auraiya News: अयाना थाना क्षेत्र में एक 46 वर्षीय महिला ने बाजार से लौटते समय नहर में छलांग लगा दी। पुलिस और गोताखोरों द्वारा रेस्क्यू चलाया जा रहा है, लेकिन अभी तक महिला का पता नहीं चल सका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
औरैया जिले में अयाना थाना क्षेत्र के गांव मुढ़ी रसूलपुर में सोमवार दोपहर को भीखेपुर से लौट रही एक 46 वर्षीय महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में भोगनीपुर प्रखंड की निचली गंग नहर में छलांग लगा दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश में जुटी है, लेकिन देर रात तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
अयाना थाना क्षेत्र के गांव मानपुर निवासी धीरेंद्र दोहरे की पत्नी विनीता (46) सोमवार सुबह अपनी बेटी नंदिनी को कपड़े दिलाने के लिए भीखेपुर बाजार गई थी। किन्हीं कारणों से वह बाजार से बेटी को बिना कपड़े दिलाए ही ऑटो में सवार होकर वापस घर लौट रही थी।
ऑटो में बैठी सवारियों ने छलांग लगाते देखा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोपहर करीब ढाई बजे जब ऑटो मुढ़ी रसूलपुर स्थित निचली गंग नहर पुल के पास पहुंचा, तो महिला अचानक ऑटो से उतर गई। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उसने नहर में छलांग लगा दी। ऑटो में बैठी अन्य सवारियों ने जब उसे छलांग लगाते देखा तो चीख-पुकार मच गई। सवारियों ने जानकारी पुलिस को दी।
तलाश में चलाया जा रहा है सर्च ऑपरेशन
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश पाल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू करवाया। जैसे ही घटना की खबर विनीता के घर पहुंची, परिजन भी मौके पर पहुंच गए। महिला का सुराग न मिलने से परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि महिला की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नहर में छलांग लगाने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।