03:57 PM, 19-Nov-2021
किसानों के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं
परिवारवादियों की सरकारें किसानों को सिर्फ अभाव में रखना चाहती थीं। वो किसानों के नाम से घोषणाएं करते थे, लेकिन किसान तक पाई भी नहीं पहुंचती थी। जबकि पीएम किसान सम्मान निधि से हमने अब तक 1 लाख 62 हज़ार करोड़ रुपए सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजे हैं।
03:52 PM, 19-Nov-2021
हमारी सरकार ने समाधान की राष्ट्रनीति की
किसानों को हमेशा समस्याओं में उलझाए रखना ही कुछ राजनीतिक दलों का आधार रहा है। ये समस्याओं की राजनीति करते हैं और हम समाधान की राष्ट्रनीति करते हैं। केन-बेतवा लिंक का समाधान भी हमारी ही सरकार ने निकाला है, सभी पक्षों से संवाद करके रास्ता निकाला है।
03:50 PM, 19-Nov-2021
पहली बार बुंदेलखंड को मिली काम करने वाली सरकार
दशकों तक बुंदेलखंड के लोगों ने लूटने वाली सरकारें देखीं हैं। पहली बार बुंदेलखंड के लोग, यहां के विकास के लिए काम करने वाली सरकार को देख रहे हैं। वो उत्तर प्रदेश को लूटकर नहीं थकते थे, हम काम करते-करते नहीं थकते हैं।
03:49 PM, 19-Nov-2021
पानी के लिए बूंद-बूंद को तरसे हैं यहां के लोग
बुंदेलखंड को लूटकर पहले की सरकार चलाने वालों ने अपने परिवार का भला किया। आपका परिवार बूंद-बूंद के लिए तरसता रहे, इससे उनको कोई सरोकार नहीं रहा।
03:48 PM, 19-Nov-2021
क्यों महोबा बांदा और हमीरपुर में बेटी ब्याहने से कतराते हैं लोग
समय के साथ यही क्षेत्र पानी की चुनौतियों और पलायन का केंद्र कैसे बन गया? क्यों इस क्षेत्र में लोग अपनी बेटी को ब्याहने से कतराने लगे, क्यों यहां की बेटियां पानी वाले क्षेत्र में शादी की कामना करने लगीं। इन सवालों के जवाब महोबा के लोग, बुंदेलखंड के लोग जानते हैं।
03:46 PM, 19-Nov-2021
पीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना, कहा पुरानी सरकारों ने सिर्फ लूटा
पुरानी सरकारों ने बुंदेलखंड को लूटा। 2017 में योगी सरकार आने के बाद अर्जुन सहायक परियोजना पर काम शुरु किया गया। अभी तक बुंदेलखंड ने सिर्फ लूटने वाली सरकारें देखी हैं पहली बार काम करने वाली सरकार देख रहे हैं।
03:35 PM, 19-Nov-2021
महोबा की धरती कई ऐतिहासिक फैसलों की साक्षी
बीते 7 सालों में हम कैसे सरकार को दिल्ली के बंद कमरों से निकालकर देश के कोने-कोने में ले आए हैं, महोबा उसका साक्षात गवाह है। ये धरती ऐसी योजनाओं, ऐसे फैसलों की साक्षी रही है, जिन्होंने देश की गरीब माताओं-बहनों-बेटियों के जीवन में बड़े और सार्थक बदलाव किए हैं।
03:35 PM, 19-Nov-2021
पीएम बोले आज बुंदेलखंड की शान, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती भी है
गुलामी के उस दौर में भारत में नई चेतना जगाने वाले गुरुनानक देव जी का आज प्रकाश पर्व भी है। मैं देश और दुनिया के लोगों को गुरु पूरब की भी शुभकामनाएं देता हूं। आज ही भारत की वीर बेटी, बुंदेलखंड की शान, वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती भी है।
03:33 PM, 19-Nov-2021
पीएम ने हाथ जोड़कर महोबा वासियों को किया प्रणाम
पीएम मोदी ने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा महोबा के वासियों को हमाओ कोटि कोटि प्रणाम। महोबा की धरती पर आकर एक अलग ही अनुभूति होती है।
03:26 PM, 19-Nov-2021
अर्जुन सहायक योजना से किसानों को मिलेगा लाभ
सीएम योगी ने कहा अर्जुन सहायक परियोजना से हमीरपुर बांदा और महोबा में पानी की समस्या पूरी तरह से खत्म हो जाएगी। किसानों को इससे बहुत लाभ मिलेगा।
01:02 PM, 19-Nov-2021
महोबा में पीएम मोदी: कहा-गरीबों और किसानों का कल्याण हमारी प्राथमिकता, परिवारवाद से ग्रसित सरकारों ने कभी दिया नहीं ध्यान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सेना के तीन हेलीकॉप्टरों की सुरक्षा के साथ महोबा में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। उन्होंने महोबा के पुलिस लाइन ग्राउंड से यूपी चुनाव का शंखनाद किया। इस दौरान उन्होंने बुंदेलों के लिए सौगातों का पिटारा भी खेल दिया।
केंद्रिय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा पीएम ने 2014 में एक यात्रा शुरु की थी जिसमें उन्होंने आम आदमी के जीवन को कैसे बेहतर बनाया जाए यह सपना देखा था। उस सपने को पूरा करने के लिए पीएम मोदी ने कोई कसर नहीं छोड़ी। आम आदमी के जीवन को बेहतर करने के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की गई है। इसी को आगे बढ़ाते हुए आज महोबा में अर्जुन सहायक योजना का लोकार्पण करेंगे।
मंच पर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, सीएम योगी आदित्यनाथ, केंद्रिय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, प्रदेश के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह एवं यूपी प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह मौजूद हैं। पीएम आज अर्जुन सहायक परियोजना समेत 3264.74 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण किया।
अर्जुन सहायक परियोजना के लोकार्पण से बुंदेलखंड के महोबा, हमीरपुर, बांदा के 168 गांवों के 1,49,755 किसान लाभान्वित होंगे। बुंदेलखंड में गोरखगिरि समेत ऐतिहासिक व चंदेलकालीन धरोहरों को सहेजने का काम चल रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तीन माह पहले उज्ज्वला योजना 2.0 के शुभारंभ पर महोबा आए थे। उन्होंने गोरखगिरि को पर्यटन के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए थे। अब प्रधानमंत्री से बुंदेलों को पर्यटन विकास को लेकर बड़ी सौगात की उम्मीद है।