चंदौसी(संभल)। दिल्ली में हुई आतंकी घटना के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय युवा उद्योग व्यापार मंडल ने कड़ा रोष व्यक्त किया। नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारियों ने सीता रोड पर आतंकवाद का पुतला फूंका और आतंकवाद के विरोध में जमकर नारेबाजी की। साथ ही, हादसे में मारे गए निर्दोष लोगों की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
इस मौके पर नगर अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय अन्नू ने कहा कि देश की राजधानी में इस तरह का आतंकी हमला हर भारतीय की भावनाओं को झकझोर देता है। उन्होंने कहा कि जो भी लोग इस कायराना हमले में शामिल हैं, उन्हें किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाना चाहिए। दोषियों को ऐसी सजा दी जानी चाहिए। जो आतंकियों के लिए नजीर बन जाए। उन्होंने कहा कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है और देश के लोगों को एकजुट होकर इसके खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए। संगठन के लोगों ने भारत सरकार से मांग की कि दिल्ली की आतंकी घटना में लिप्त सभी आतंकियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए और देश की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
इस मौके पर कमल वार्ष्णेय, विमल वार्ष्णेय, राजीव, नवनीत शर्मा, हृदेश, रमाकांत शर्मा, रितिक वार्ष्णेय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।