हनी ट्रैप मामला: युवक को फंसाकर बंधक बनाया, आठ लाख की फिरौती मांगी
रुद्रपुर में एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाकर आठ लाख रुपये की फिरौती मांगने और लूट की घटना सामने आई।
विस्तार
रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में एक युवक को हनी ट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने, आपत्तिजनक वीडियो बनाने और आठ लाख रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। महिलाओं ने न केवल उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया बल्कि उसके पर्स से 14,500 रुपये भी लूट लिए।
इंद्रप्रस्थ कॉलोनी रामपुर (यूपी) निवासी मनोज कुमार ने बताया कि अक्तूबर 2025 में उनके मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात मिस कॉल आई थी। जब उन्होंने उस नंबर पर कॉल बैक किया तो एक लड़की ने फोन उठाया। गलत नंबर समझ कर उन्होंने फोन काट दिया। इसके तुरंत बाद दूसरे नंबर से एक मैसेज आया जिसमें गलती से कॉल लगने की बात कही गई थी और कॉल करने वाली ने अपना नाम नेहा बताया।
अगले दिन से गुड मॉर्निंग जैसे मैसेज आने का सिलसिला शुरू हो गया जो करीब सात से आठ दिन तक चला। मैसेज के आदान-प्रदान के बाद फिर से नए नंबर से कॉल आने लगी और बातचीत के माध्यम से दोस्ती का प्रस्ताव दिया गया। इस दौरान एक बार वीडियो कॉल पर भी बात हुई। लड़की ने उसे काशीपुर बुलाया लेकिन उसने आने से मना कर दिया। कुछ दिनों बाद व्हाट्सएप मैसेज के जरिये उसे रुद्रपुर बुलाया गया और कहा गया कि उस दिन घर पर कोई नहीं है और वे आ सकते हैं।
युवक के अनुसार 19 नवंबर को जब वह रुद्रपुर पहुंचा तो उसे दक्ष चौराहे पर बुलाया गया। वहां पिंकी और जोहरा (जिसे नेहा बताया गया) दो लड़कियां मिलीं। शाम करीब 6:30 बजे युवक ने किसी रेस्टोरेंट में चलने का प्रस्ताव दिया लेकिन लड़कियों ने कहा कि मोमो लेकर घर चलते हैं। घर पहुंचने पर नीचे के कमरे में कोई नहीं था। थोड़ी देर बैठने के बाद जब युवक वॉशरूम गया तो दरवाजा बाहर से बंद कर दिया गया।
तभी दीपक कश्यप और अन्य लोग सीढ़ी से नीचे आए और युवक के हाथ-पैर बांध कर कमरे में बंधक बना लिया। आरोप है कि उसकी पैंट उतार दी गई और दोनों लड़कियों में से एक ने युवक के साथ जबरन आपत्तिजनक वीडियो बनाई। इस वीडियो को सोशल मीडिया, घर और थाने में वायरल करने की धमकी देते हुए आठ लाख रुपये क्यूआर कोड पर डलवाने की मांग की गई। युवक के पैसे देने से इन्कार करने पर उसे पीटा गया।
पैसे लूटने के बाद जान से मारने की धमकी
जब युवक ने पैसे देने से इन्कार कर दिया तो अभियुक्तों ने वीडियो वायरल करने की धमकी दे कर ब्लैकमेल किया और युवक के पर्स से 14,500 रुपये लूट लिए। इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी देते हुए कहा गया कि अगर उसने किसी को यह बात बताई या थाने गया तो उसे मार दिया जाएगा। इसके बाद युवक को छोड़ा।
युवक का कहना है कि वह घटना के बाद गहरे सदमे में था इसलिए देरी से रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचा। पुलिस ने महिलाओं समेत पूरे गिरोह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। - प्रशांत कुमार, सीओ