इंदौर के खुड़ैल थाना क्षेत्र स्थित ग्राम दूधिया में सरपंच के बेटे और उसके समर्थकों पर एक परिवार के घर में घुसकर तोड़फोड़ करने का आरोप लगा है। पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है।
फरियादी सचिन जाट ने बताया कि आरोपियों में शामिल एक युवक घर का मुख्य गेट कूदकर अंदर घुसा और वहां खड़ी गाड़ियों में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग महिला सुंदर बाई ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई है।
घटना के दौरान आरोपियों ने घर में काफी देर तक उत्पात मचाया। पीड़ित परिवार का कहना है कि पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है और फुटेज पुलिस को सौंप दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें- Twisha Case: 'बहू को फंदे पर लटका देखकर, पहला फोन पुलिस को क्यों नहीं किया'? सीबीआई का गिरिबाला से सख्त सवाल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पुरानी रंजिश के चलते ग्राम दूधिया के सरपंच के बेटों और उनके समर्थकों ने इस घटना को अंजाम दिया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने वाले युवकों की पहचान रणवीर जानी, धर्मेंद्र और शुभम के रूप में हुई है, जो गांव के ही निवासी बताए जा रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि ये सभी सरपंच के बेटे और उनके समर्थक हैं। पीड़ित सचिन जाट ने आरोप लगाया कि पुलिस को शिकायत देने के बावजूद गंभीर धाराओं में मामला दर्ज नहीं किया गया, जिसके कारण आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं।
वहीं, एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज में जो भी लोग तोड़फोड़ और उत्पात करते दिखाई दे रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।