घर में जीत का सिलसिला टूटा, 12 साल बाद अपनी सरजमीं पर टेस्ट सीरीज हारा भारत न्यूजीलैंड ने पुणे टेस्ट जीतने के साथ ही तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। भारतीय टीम अपने घर में 12 साल बाद कोई टेस्ट सीरीज हारी है। इसी के साथ घरेलू जमीन पर लगातार 17 टेस्ट सीरीज जीतने के बाद जीत का यह सिलसिला टूट गया। पिछली बार टीम इंडिया को 2012-13 में इंग्लैंड ने चार मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से हराया था। उसके बाद भारत ने लगातार 18 सीरीज जीतीं। हालांकि, न्यूजीलैंड ने अब टीम इंडिया को हराकर यह सिलसिला तोड़ दिया। किसी ने नहीं सोचा था कि कीवी टीम भारतीय सरजमीं पर इतना प्रभावशाली प्रदर्शन करेगी। भारत ने अपने घर में लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं। यह भी 2012 के बाद पहली बार है जब टीम इंडिया ने घरेलू सरजमीं पर लगातार दो टेस्ट गंवाए हैं। 2012 में इंग्लैंड ने भारत को चार मैचों की सीरीज में वानखेड़े में खेले गए दूसरे और ईडन गार्डेन्स में खेले गए तीसरे टेस्ट में हराया था। साल 2000 से लेकर अब तक यानी 25 साल में यह तीसरी बार है जब टीम इंडिया अपने घर में लगातार दो टेस्ट हारी हो। /