अमर उजाला
Mon, 9 June 2025
लखनऊ में भारत के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह ने सपा सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई की। इस समारोह में कई दिग्गज शामिल हुए
अब प्रिया ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक तस्वीर साझा की है, जिसमें उन्होंने रिंकू के नाम की महेंदी लगाई है। हथेली पर रिंकू नाम लिखा हुआ दिख रहा है
इस पर रिंकू ने प्यार लुटाया। उन्होंने प्रिया की स्टोरी को अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किया और उस पर नजर न लगने वाला इमोजी डाला
प्रिया उत्तर प्रदेश की मछली शहर सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) की सांसद हैं। लखनऊ के एक होटल में आयोजित भव्य सगाई समारोह में क्रिकेट, राजनीति और सिनेमा जगत की कई हस्तियां शामिल हुई।
क्रीम कलर की शेरवानी पहने रिंकू सिंह और हल्के गुलाबी रंग के लहंगे में सजी प्रिया कार्यक्रम में मौजूद लोगों की मुबारकबाद और अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच पर पहुंचे और उन्होंने एक-दूसरे को अंगूठी पहनाई।
इस दौरान प्रिया खासी भावुक नजर आईं। इस अवसर पर सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव, उनकी सांसद पत्नी डिंपल यादव, पार्टी मुख्य महासचिव रामगोपाल यादव, महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सपा सांसद अवधेश प्रसाद और मोहिबुल्लाह नदवी शामिल हुए
इसके अलावा भारतीय क्रिकेट बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सपा राज्यसभा सदस्य अभिनेत्री जया बच्चन और पूर्व भारतीय क्रिकेट खिलाड़ी प्रवीण कुमार और पीयूष चावला समेत अनेक हस्तियां मौजूद थीं।
मुख्य भोजन में भारतीय व्यंजन ही बनाए गए। इस खास कार्यक्रम के मेनकोर्स में मलाई कोफ्ता, कढ़ाई पनीर और विभिन्न प्रकार की मिक्स चाइनीज स्टार्टर में मंचूरियन, स्प्रिंग रोल नूडल्स दिया गया। खास रूप से कुहाड़ा नाम का एक नारियल ड्रिंक भी मेहमानों को पिलाया गया।
इस हाई प्रोफाइल सगाई में लगभग 300 मेहमान शामिल हुए। बारकोड स्कैनिंग सिस्टम युक्त स्पेशल पास के जरिए ही मेहमानों को प्रवेश दिया गया।
मेहमानों की सुरक्षा और किसी भी तरह की दिक्कत से बचने के लिए एक विशेष सुरक्षा टीम भी तैनात रही। होटल के आसपास भी निजी सुरक्षाकर्मी और पुलिस बल तैनात रहे।
पिंक लहंगे में रिंकू की प्रिया ने ढाया कहर, 'सिक्सर किंग' भी नहीं रहे पीछे