अमर उजाला
Mon, 12 May 2025
कोहली के संन्यास लेते ही भारतीय क्रिकेट में एक अध्याय समाप्त हो गया है। कोहली जितने बड़े बल्लेबाज हैं, उससे कहीं बेहतर कप्तान भी रहे हैं। टेस्ट में वह भारत के सबसे सफल कप्तान रहे हैं।
साल 2022 की शुरुआत में दक्षिण अफ्रीका के दौरे के बाद कोहली ने टेस्ट की कप्तानी छोड़ दी थी। इससे पहले 2021 में वह भारतीय टी20 और वनडे टीम की कप्तानी से भी हट गए थे। साथ ही अपनी आईपीएल फ्रेंचाइजी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की भी कप्तानी छोड़ दी थी।
कोहली की कप्तानी में भारत ने सबसे ज्यादा समय तक टेस्ट में नंबर एक टीम रहने का रिकॉर्ड बनाया। साथ ही टीम ने विदेशी जमीन पर कई इतिहास रचे।
विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट में सबसे सफल भारतीय कप्तान रहे। उनकी कप्तानी में टीम इंडिया ने 68 मैचों में 40 जीत दर्ज की और 17 में हार का सामना किया। टीम ने इस दौरान 11 मैच ड्रॉ भी खेले।
विराट कोहली ने कप्तान के तौर पर बल्लेबाजी में भी अपना लोहा मनवाया। उन्होंने 113 पारियों में 54.80 की औसत से 5,864 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 20 शतक और 18 अर्धशतक लगाए। नाबाद 254 रन की पारी बतौर कप्तान उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। वह बतौर टेस्ट कप्तान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय हैं।
कोहली भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट मैचों में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी हैं। ओवरऑल दुनिया भर के कप्तानों में उनसे आगे ग्रीम स्मिथ, एलेन बॉर्डर, स्टीफन फ्लेमिंग, रिकी पोंटिंग और क्लाइव लॉयड हैं।
कोहली दुनिया के चौथे सबसे सफल टेस्ट कप्तान हैं। इस मामले में उनसे आगे दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ, ऑस्ट्रेलिया के रिकी पोंटिंग और स्टीव वॉ हैं। हालांकि, 50 से ज्यादा टेस्ट में कप्तानी करने वाले खिलाड़ियों में कोहली का जीत प्रतिशत स्टीव और पोंटिंग के बाद है। कोहली का जीत प्रतिशत 58.82 है, जबकि ग्रीम स्मिथ का जीत प्रतिशत 48.62 है।
विराट कोहली की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका में दो टेस्ट मैच जीते हैं। वह ऐसा करने वाले पहले भारतीय कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में सबसे पहले टीम इंडिया ने 2018 दौरे पर वांडरर्स टेस्ट जीता था और इसके बाद पिछले साल 2021 में सेंचुरियन में दूसरी बार दक्षिण अफ्रीका को हराया।
विराट कोहली की अगुवाई में टीम इंडिया ने दो बार बॉक्सिंग डे टेस्ट में बाजी मारी। सबसे पहले 2018 में भारत ने मेलबर्न टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया को हराया था और इसके बाद 2021 में सेंचुरियन में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जीत हासिल की।
कोहली ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके घर में बतौर कप्तान एक टेस्ट में दो शतक लगाने वाले पहले कप्तान भी हैं। उन्होंने साल 2014 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर एडिलेड में पहले टेस्ट में 115 रन और 141 रन की पारियां खेली थीं।
इसके अलावा कोहली विदेशी मैदान पर बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा टेस्ट जीतने वाले खिलाड़ी भी हैं। उन्होंने विदेशी धरती पर कुल 37 टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी की और इसमें से भारत ने 16 मैच जीते। 15 में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा, जबकि छह टेस्ट ड्रॉ रहे।
C की भीड़ में छिपा है G, जीनयस हैं तो खोजकर दिखाएं