अमर उजाला
Thu, 2 February 2023
नेपाल के जनकपुर से चलकर शालिग्राम शिला बुधवार की देर रात रामनगरी पहुंची। भगवान विष्णु का स्वरूप मानी जाने वाली इस शिला का रामनगरी में भव्य अभिनंदन किया गया।
हाईवे से जैसे ही देर रात शालिग्राम यात्रा ने प्रवेश किया तो जय श्री राम के नारे गूंजने लगे। लोगों ने पुष्प वर्षा की तो जमकर आतिशबाजी भी हुई।
नेपाल की पवित्र काली गंडकी नदी से ये पत्थर निकाले गए हैं। वहां अभिषेक और विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद शिला को 26 जनवरी को अयोध्या के लिए रवाना किया गया था।
ये यात्रा बिहार के रास्ते यूपी में कुशीनगर और गोरखपुर होते हुए बुधवार को अयोध्या पहुंची। नेपाल की शालिग्रामी नदी से निकाले गए दो बड़े पत्थरों को दो ट्रकों पर लादकर भारत लाया गया।
शालिग्राम शिला यात्रा की अगुवाई राम जानकी मंदिर नेपाल के महंत राम पतेश्वर दास, नेपाल सरकार के पूर्व गृहमंत्री विमलेंद्र निधि सहित विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय मंत्री राजेंद्र सिंह पंकज व राम मंदिर के ट्रस्टी कामेश्वर चौपाल कर रहे थे।
पवित्र शालिग्राम का यहां कीजिए दर्शन, नेपाल से आई शिला से बनेगी रामलला की मूर्ति