अमर उजाला
Sat, 14 June 2025
आज बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पांचवीं पुण्यतिथि (14 जून 2020) है। निधन के पांच साल भी वह सुर्खियों में बने हुए हैं। जानिए, ऐसे 10 कारणों के बारे में।
1. पिता ने न्याय की उम्मीद की थी : बॉम्बे हाई कोर्ट में 19 फरवरी 2025 को सुशांत सिंह राजपूत मामले को लेकर दायर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई थी। इस मामले पर सुनवाई से पहले सुशांत के पिता के.के सिंह ने न्याय की उम्मीद जताई थी। आगे चलकर 22 मार्च 2025 को सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट में सुशांत की मौत की असल वजह सुसाइड ही बताई।
2. दिशा सालियान के पिता का बयान: सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियान के पिता ने 19 मार्च को बॉम्बे हाईकोर्ट का रुख किया। अपनी बेटी की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग की। बताते चलें दिशा सालियान की मौत 8 जून, 2020 को मुंबई के मलाड में एक आवासीय इमारत की 14वीं मंजिल से गिरने से हुई थी। वहीं, सुशांत सिंह राजपूत 14 जून, 2020 को बांद्रा स्थित अपने अपार्टमेंट में मृत पाए गए थे।
3. भाजपा नेता राम कदम ने उद्धव सरकार पर आरोप लगाए थे : सुशांत मामले में सीबीआई ने जब क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की तो भाजपा नेता राम कदम ने कहा था, 'जब पूरा देश सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग कर रहा था, तब उद्धव ठाकरे सरकार ने जानबूझकर लापरवाही बरती।'
4. बिग बॉस 18 जीतने के बाद करण वीर मेहरा ने याद किया था : इस साल की शुरुआत में एक्टर करण वीर मेहरा ‘बिग बॉस 18’ के विनर बने। इस शो की ट्रॉफी जीतने के बाद 20 जनवरी को एक इंस्टाग्राम पोस्ट करके करण वीर मेहरा ने अपने दोस्त सुशांत सिंह राजपूत को याद किया।
5. मनाेज बाजपेयी ने बड़ा बयान दिया था : इस साल एक इंटरव्यू में मनोज बाजपेयी ने भी सुशांत सिंह राजपूत का जिक्र किया। वह इंटरव्यू में कहते हैं, ‘हम इंडस्ट्री और इसकी राजनीति के बारे में बातें करते थे। मैं हमेशा उससे कहता था कि मोटी चमड़ी रखो वरना यह इंडस्ट्री जान मार देगी तुम्हारी।’
6. रिया की दोस्त ने जिक्र किया था: सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट सुशांत सिंह राजपूत मामले में सामने आई तो रिया चक्रवर्ती (सुशांत की गर्लफ्रेंड) की करीबी दोस्त निधि हिरानंदानी ने एक बड़ी बात साझा की। इंडियन एक्सप्रेस से बातचीत में उन्होंने कहा, ‘सुशांत के निधन की खबर से रिया के परिवार वाले टूट गए थे, फिर रिया और उनके भाई पर लगे आरोपों ने उन्हें बुरी तरह तोड़ दिया।’
7. भुवन अरोड़ा ने किया था बड़ा खुलासा: फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में नजर आए अभिनेता भुवन अरोड़ा ने भी हाल ही में बताया कि पहले फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ को सुशांत सिंह राजपूत करने वाले थे। सुशांत के पास फिल्म और इसकी कहानी के अधिकार थे। बाद में चंदू चैंपियन का लीड रोल कार्तिक आर्यन ने किया।
8. पूजा भट्ट ने भी किया था ट्वीट: पूजा भट्ट ने भी सुशांत मामले में सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट सामने आने के बाद एक ट्वीट किया। पूजा ने इसमें लिखा था कि रिया चक्रवर्ती और अन्य को निर्दोष बताया गया है। सत्य की जीत हुई, प्रार्थनाएं स्वीकार हुईं।
9. महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे ने जिक्र किया था: इस साल महाराष्ट्र के एक नेता नितेश राणे ने भी कहा, ‘जब भी शाहरुख खान या सैफ अली खान जैसे किसी खान को चोट लगती है, तो हर कोई इसके बारे में बात करना शुरू कर देता है। जब सुशांत सिंह राजपूत जैसे हिंदू अभिनेता को प्रताड़ित किया जाता है, तो कोई भी कुछ कहने के लिए आगे नहीं आता है।’
10. एक्ट्रेस अदा शर्मा ने किराए पर लिया सुशांत वाला घर: एक इंटरव्यू में अदा ने कहा, ‘हां, मुझे पता है कि सुशांत सिंह राजपूत उस घर में रेंट पर रहते थे। मैंने भी वह घर किराए पर लिया है, उसे खरीदा नहीं है।’
दिशा पाटनी ने मौनी रॉय और कृष्णा श्रॉफ संग मनाया अपना 33वां जन्मदिन