अमर उजाला
Thu, 1 May 2025
वह फिल्म निर्माता कोई और नहीं बल्कि ओनिर हैं, जो लेखक और संपादक के तौर पर भी जाने जाते हैं। ये खासतौर पर सामाजिक विषयों पर आधारित फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं।
ओनिर का जन्म 01 मई 1969 को भूटान के साम्ची में अनिरबन धर के रूप में हुआ। आज ओनिर अपना 56वां जन्मदिन मना रहे हैं।
ओनिर के बचपन का अधिकांश समय फिल्में देखने में जाता था, इसी कारण उनका सिनेमा के प्रति गहरा लगाव होता चला गया। पढ़ाई के बाद ओनिर ने सिनेमाई दुनिया में साल 1992 में कदम रखा, लेकिन 2005 में उन्होंने खुद के निर्देशन में एक फिल्म बनाने का सोचा।
ओनिर की पहली फिल्म का नाम था ‘माई ब्रदर निखिल’। यह फिल्म एड्स और समलैंगिक जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित है, जो भारतीय सिनेमा की पहली फिल्म है, जिसने इन मुद्दों को मानवीय दृष्टिकोण से दिखाया।
इस फिल्म को खूब सराहना मिली थी और इसे 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में दिखाया गया था और इसने कई अवॉर्ड्स भी जीते थे। फिल्म में अभिनेत्री जूही चावला ने मुख्य किरदार की बहन के रूप में भूमिका निभाई थी, जिसके लिए उन्हें आईफा में नॉमिनेशन मिला था।
साल 2006 में ओनिर ने दूसरी फिल्म बनाई 'बस एक पल', जो बॉक्स ऑफिस पर सफल तो नहीं रही, लेकिन उसे तारीफें खूब मिली।
इसके बाद ओनिर ने साल 2010 में एक फिल्म बनाई 'आई एम', जिसमें चार लघु फिल्में शामिल थीं। इसमें समलैंगिक, सेरोगेसी, बाल शोषण, और विस्थापन आधारित मुद्दों को दिखाया गया था। इस फिल्म ने कुल 16 पुरस्कार अपने नाम किए थे।
'आई एम' फिल्म को दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिले। एक तो बेस्ट फिल्म के लिए और दूसरा बेस्ट संगीत के लिए। इसके अलावा फिल्म ने और भी कई अवॉर्ड्स हासिल किए।
ओनिर को सिनेमा में शानदार योगदान के लिए ट्रायंगल मीडिया ग्रुप मानद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। इसके साथ ही उन्हें आईआरडीएस फिल्म अवार्ड्स में सामाजिक सरोकार के लिए सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार भी मिला।
इन फिल्मों के अलावा भी ओनिर ने कई फिल्में बनाईं हैं, जैसे 'चौरंगा', 'सब', ‘पाइन कोन' आदि। इस वक्त वह 'आई एम' फिल्म के सीक्वल 'वी आर' पर भी काम कर रहे हैं।
मौनी रॉय-अनन्या पांडे का दिलकश अंदाज, क्या देखा आपने?