प्रधानमंत्री मोदी ने गिर में जंगल सफारी का लिया आनंद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर गुजरात के जूनागढ़ जिले में गिर वन्यजीव अभयारण्य में जंगल सफारी का आनंद लिया। ‘सिंह सदन’ से प्रधानमंत्री जंगल सफारी पर गए। पीएम मोदी के साथ कुछ मंत्री और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी थे। गिर वन्यजीव अभयारण्य के मुख्यालय सासण गिर में प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) की सातवीं बैठक की अध्यक्षता भी करेंगे। एनबीडब्ल्यूएल में 47 सदस्य हैं। बैठक के बाद मोदी सासण में कुछ महिला वन कर्मचारियों से भी बातचीत करेंगे। सरकार ने एशियाई शेरों के संरक्षण के लिए ‘प्रोजेक्ट लॉयन’ के तहत 2,900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की है। एशियाई शेरों का एकमात्र निवास स्थान गुजरात है। एशियाई शेर गुजरात के नौ जिलों के 53 तालुकाओं में लगभग 30,000 वर्ग किलोमीटर में निवास करते हैं। . National