Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   World ›   sam-pitroda-backs-rahul-gandhi-us-visit-challenge-pm-modi-public-debate-foreign-funding-allegations-india-bloc

राहुल गांधी का अमेरिका दौरा कब?: सैम पित्रोदा ने दी जानकारी, पीएम को खुली बहस की चुनौती पर पूछा- बच क्यों रहे

Wed, 11 Nov 2026 08:23 AM IST
देवेश त्रिपाठी एएनआई, शिकागो
एएनआई, शिकागो Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Wed, 11 Nov 2026 08:23 AM IST
सार

इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने शिकागो में कई राजनीतिक और राष्ट्रीय मुद्दों पर अपनी राय रखी। उन्होंने राहुल गांधी की भूमिका का समर्थन करते हुए कहा कि वह युवाओं और समाज के कमजोर वर्गों से जुड़े सवाल उठा रहे हैं। पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती पर जवाब देने की सलाह दी।

विज्ञापन
sam-pitroda-backs-rahul-gandhi-us-visit-challenge-pm-modi-public-debate-foreign-funding-allegations-india-bloc
इंडियान ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

शिकागो में भारत समिट 2026 को लेकर इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के अध्यक्ष सैम पित्रोदा ने राहुल गांधी के समर्थन में कई मुद्दों पर अपनी बात रखी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राहुल गांधी की सार्वजनिक बहस की चुनौती का जवाब देने की सलाह दी और कहा कि प्रधानमंत्री बातचीत क्यों नहीं कर सकते? पित्रोदा ने राहुल गांधी पर मीडिया के जरिए व्यक्तिगत हमले किए जाने का आरोप लगाया।
विज्ञापन


उन्होंने राहुल गांधी के आगामी अमेरिकी दौरे, इंडिया ब्लॉक के आंदोलन, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन और सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। इसके अलावा उन्होंने नीट-यूजी 2026 पेपर लीक, शिक्षा की गुणवत्ता और देश में लोकतंत्र की स्थिति पर चिंता जताई।
विज्ञापन


राहुल गांधी के आगामी अमेरिका दौरे को लेकर क्या बोले सैम पित्रोदा?
सैम पित्रोदा ने बताया कि भारत समिट 2026 में 70 देशों के प्रतिनिधियों और करीब 600 से 700 लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। पित्रोदा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य वैश्विक स्तर पर लोकतंत्र की स्थिति पर चर्चा करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई देशों में चुनाव प्रक्रिया के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन

उन्होंने कहा कि नागरिक समाज को काम करने की अनुमति नहीं मिल रही और मीडिया को नियंत्रित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, लोकतंत्र के लिए समानता, स्वतंत्रता और सार्थक संवाद जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि एआई के बढ़ते प्रभाव के साथ लोकतंत्र को नए सिरे से तैयार करने की जरूरत होगी। समिट में नेता प्रतिपक्ष समापन भाषण देंगे।

राहुल गांधी की बहस की चुनौती पर प्रधानमंत्री को दी सलाह
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सार्वजनिक बहस की राहुल गांधी की चुनौती पर सैम पित्रोदा ने कहा कि इस मुद्दे पर संसद में पहले ही चर्चा होनी चाहिए थी। उन्होंने सवाल किया कि प्रधानमंत्री सार्वजनिक रूप से बातचीत करने से क्यों बच रहे हैं?

पित्रोदा ने कहा, "राहुल गांधी की चुनौती है कि जनता के सामने सार्वजनिक रूप से बहस होनी चाहिए। इसमें परेशानी क्या है? प्रधानमंत्री बातचीत क्यों नहीं कर सकते? वह कह सकते हैं कि मेरे पास इसका जवाब नहीं है, लेकिन हम विशेषज्ञों को बुलाएंगे और देश की समस्या का समाधान करेंगे।"

उन्होंने दिल्ली के प्रदूषण और परीक्षाओं में पेपर लीक को राष्ट्रीय समस्याएं बताते हुए कहा कि इनका समाधान किया जाना चाहिए। पित्रोदा के मुताबिक, विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा बहुत कम हो रही है। चुनाव जैसे विषयों पर नागरिक समाज और टीवी मंचों पर भी व्यापक बातचीत होनी चाहिए।

निजी हमलों के खिलाफ राहुल गांधी के समर्थन में उतरे पित्रोदा
पित्रोदा ने राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि मीडिया में हजारों करोड़ रुपये का निवेश करके उन पर व्यक्तिगत हमले किए गए हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोधियों को भी राहुल गांधी के आत्मसम्मान और अपनी बात रखने के साहस का सम्मान करना चाहिए।

उन्होंने कहा, "वह एक-दो गलतियां कर सकते हैं, जैसा कि हम सभी करते हैं। इसमें क्या बड़ी बात है? वह सही मुद्दों के लिए खड़े हैं। वह युवाओं की जरूरतों को सामने रख रहे हैं। उन्हें ओबीसी, दलितों, अल्पसंख्यकों, आदिवासियों और गरीबों की चिंता है। वह भारत में असमानता और संपत्ति के कुछ लोगों के हाथों में सिमटने को लेकर चिंतित हैं।"

पित्रोदा ने दिल्ली के प्रदूषण का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पिछले 15 से 20 वर्षों से राजधानी की पर्यावरणीय स्थिति खराब है। उन्होंने कहा कि जब मौजूदा समस्याओं पर सवाल उठाए जाते हैं तो कांग्रेस के शासनकाल की बातें की जाने लगती हैं, जबकि चर्चा इस बात पर होनी चाहिए कि आज क्या हो रहा है। उन्होंने परीक्षाओं में गड़बड़ियों का जिक्र करते हुए सवाल किया कि 90 दिनों में युवाओं को क्या समाधान दिया गया?

विदेशी फंडिंग के आरोपों को बताया झूठा
राहुल गांधी और इंडिया ब्लॉक के आंदोलन को लेकर लगाए जा रहे विदेशी फंडिंग के आरोपों को पित्रोदा ने निराधार बताया। उन्होंने कहा कि किसी ने कोई पैसा नहीं दिया है और वह भारतीय लोकतंत्र को प्रभावित करने या किसी पर हमला करने के लिए विदेशी दानदाताओं से धन नहीं लेंगे।

उन्होंने कहा, "विदेश से न कोई दबाव है, न पैसा आ रहा है और न ही कोई सलाह दी जा रही है। हालांकि, हम बुद्धिजीवियों से बातचीत करते हैं। कुछ लोगों को झूठ बोलने और जानकारी में हेरफेर करने में कोई शर्म नहीं आती।" जॉर्ज सोरोस के साथ तस्वीरों का जिक्र करते हुए पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी या उनकी खुद की ऐसी तस्वीरें दिखाकर गलत बातें फैलाई जाती हैं, जबकि वे सोरोस से कभी मिले ही नहीं। उन्होंने कहा कि ऐसी तस्वीरें उनके परिवार तक को भेजी गईं।

राहुल गांधी के अमेरिका दौरे पर दी जानकारी
राहुल गांधी के आगामी अमेरिका दौरे के बारे में पित्रोदा ने बताया कि वह 17 नवंबर को कोलंबिया यूनिवर्सिटी में वैश्विक छात्र आंदोलन और विश्व राजनीति पर उसके प्रभाव को लेकर चर्चा करेंगे। इसके बाद 18 नवंबर को शिकागो में अंतरराष्ट्रीय मामलों और भू-राजनीति के प्रोफेसर डॉ. पेप के साथ उनकी बातचीत होगी।

पित्रोदा ने कहा कि ये राहुल गांधी के दौरे के दो प्रमुख कार्यक्रम हैं। इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के नेतृत्व के साथ नाश्ते पर बैठक भी हो सकती है। उन्होंने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह जॉर्ज सोरोस जैसे मुद्दों को उठाकर कहानियां गढ़ती है।

नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
नीट-यूजी 2026 पेपर लीक पर पित्रोदा ने कहा कि युवाओं ने सड़कों पर उतरकर अपनी चिंता जाहिर की है। वे देश में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने कहा कि भारत में बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थानों की जरूरत पड़ना इस बात का संकेत है कि कॉलेजों में अपेक्षित स्तर की पढ़ाई नहीं हो रही है।

पित्रोदा के मुताबिक, शिक्षा की गुणवत्ता में गिरावट आई है और पेपर लीक जैसी समस्याओं का समाधान तीन महीने के भीतर हो जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी मुद्दे पर सवाल उठाने पर जवाब में दूसरे मुद्दे की बात शुरू हो जाती है। उनके अनुसार, संगठित तरीके से करोड़ों रुपये खर्च कर लोगों को गुमराह करने के लिए हमले किए जाते हैं, जिससे सम्मानजनक और सार्थक संवाद मुश्किल हो गया है।

चुनाव आयोग पर भरोसा बहाल करने की जरूरत बताई
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया ब्लॉक के प्रदर्शन पर पित्रोदा ने कहा कि लोकतंत्र में हर व्यक्ति को वोट देने का अधिकार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब लोगों का भरोसा खत्म होता है तो लोकतंत्र की बुनियाद कमजोर पड़ जाती है।

पित्रोदा ने कहा कि राहुल गांधी और अन्य नेता इसी भरोसे को दोबारा कायम करने की बात कर रहे हैं। उनके मुताबिक, अगर चुनावों में हेरफेर होती है तो चुनाव और उनके नतीजों की वैधता पर सवाल उठते हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से इन मामलों की सावधानीपूर्वक जांच करने की अपील की और कहा कि मौजूदा संकट का समाधान संवैधानिक तरीके से ही होना चाहिए।

पीएम मोदी के बयान पर जताई नाराजगी
पित्रोदा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से एक कार्यक्रम में राहुल गांधी की आलोचना किए जाने पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनके प्रधानमंत्री की छवि नहीं है। वह ऐसे नेता की अपेक्षा करते हैं जिसमें सहनशीलता, सद्भावना और दूसरों के प्रति सम्मान हो। उन्होंने कहा कि देश में एक-दूसरे के प्रति पहले जैसा सम्मान नहीं रह गया है और माहौल काफी विषाक्त हो गया है। उनके मुताबिक, व्यक्तिगत हमले और आरोप-प्रत्यारोप लोकतंत्र के लिए अच्छे नहीं हैं।

सोनिया गांधी की किताब को बताया प्यार और प्रतिबद्धता की कहानी
कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' पर पित्रोदा ने कहा कि उन्होंने अभी तक किताब नहीं पढ़ी है। हालांकि, उन्होंने इसे प्यार, चरित्र, प्रतिबद्धता, साहस और दृढ़ विश्वास की कहानी बताया।


उन्होंने कहा कि यूरोप से आकर अपना पूरा जीवन भारत में बिताने और परिवार पर हमलों तथा निजी मामलों से जुड़े आरोपों का सामना करने के लिए साहस की जरूरत होती है। पित्रोदा ने कहा कि सोनिया गांधी को अपनी किताब में अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है और इतनी बड़ी पुस्तक लिखने के लिए उन्होंने काफी मेहनत की होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed