गुलाबी रंग प्रेम के शब्दों का सौंदर्य रस है चूंकि प्रेमिका के होंठ गुलाबी और हया से उसके गाल भी गुलाबी ही होते हैं, यहां तक की जब आंखों की सुंदरता बतानी हो तो उसका रंग भी गुलाबी ही होता है। आज गुलाबी रंग के सबसे बेहतरीन प्रतीक ‘गुलाब के फूल’ का दिन है यानी आज ‘रोज़ डे’ है। प्रेम के सप्ताह में इस दिन गुलाब के फूलों से अपने इश्क़ का इज़हार किया जाता है। कुछ ऐसा ही इज़हार गुलाब के फूल के बिम्ब के साथ एक गाने में हुआ जिसके बोल हैं ‘फूल गुलाब का, लाखों में हज़ारों में एक चेहरा जनाब का’।
यह गाना है 1988 में आयी फ़िल्म ‘बीबी हो तो ऐसी’ का है जिसमें रेखा और फ़ारुख शेख ने अभिनय किया था। इस गीत में समीर के बोल, लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का संगीत और अनुराधा पौडवाल व मोहम्मद अज़ीज़ के गायन की जुगलबंदी है। बोल कुछ यूं हैं कि
फूल गुलाब का
लाखों में हज़ारों में एक चेहरा जनाब का
झोंके सुरूर के
ऐसी तारीफ़ें, तारीफ़ें ऐसी तारीफ़ें
करना सीखे कोई हुज़ूर से
जब नायक ने अपनी प्रेमिका को गुलाब के फूल सरीखा लाखों में एक कह दिया तो उसे यह तारीफ़ किसी नशे सी लगी। नशे में जैसे धीरे-धीरे महसूस होने वाले झोकों से दिल खुश होता है वैसे ही उसका मन भी इस तारीफ़ से प्रफुल्लित हो रहा है।
गोरे गोरे हाथों में मेंहदी महकती है
गोरे गोरे हाथों में मेंहदी महकती है
फूल सी कलाई में चूड़ी खनकती है
मौजें चनाब की, मौजें चनाब की
माथे पे चमकती हैं बिंदिया हिजाब की
खुश्बुओं के साये में क्या क्या गुल बूटे हैं
प्रेम रंग सच्चा है बाकी रंग झूठे हैं
मौसम जवान है, मौसम जवान है
तौबा बोलूं क्या बोलूं मुश्किल में जान है
लड़कियों के श्रृंगार में मेंहदी की भूमिका बड़ी महत्वपूर्ण होती है जिसके रंग और ख़ुशबू दोनों ही बहुत लुभाते हैं। इसी गाने की अगली पंक्ति में हाथों को फूल की उपमा दी गयी है। जब तारीफ़ों में बिम्बों का सहारा लिया जाता है तो उसका प्रभाव और भी बढ़ जाता है। यहां चेनाब नदी की लहरों से अगला बिम्ब लिया गया है और माथे पे चमकने वाली बिंदी को हिजाब से जोड़कर उसकी उपमा बढ़ा दी गयी है।
प्रेम का रंग यूं तो न जाने क्या होगा लेकिन इतना तय है कि एक बार अगर यह रंग चढ़ गया तो फिर उतरेगा नहीं और जो रंग ना उतरे वही पक्का रंग है इसलिए यहां बोल हैं कि सिर्फ़ प्रेम रंग ही सच्चा है और बाकी रंग झूठे हैं।
थमीं थमीं लहरे हैं रुका रुका पानी है
तेरी मेरी आँखों में रात की कहानी है
वादा बहार का वादा बहार का
उम्र भर गाएंगे नग़्मा ये प्यार का
आगे पढ़ें
फूल गुलाब का
3 वर्ष पहले
कमेंट
कमेंट X