1-
मैंने बुजुर्गों से बात की
उनके पास अनुभव थे
और अफसोस भी।
मैंने प्रौढ़ होते लोगों के भीतर देखा
वहाँ एक गहरा खालीपन था
अनसुनी पीड़ाएँ थी।
मैं युवाओं से मिला
उनके चेहरे पर
चिंताएं थी
प्रश्न थे।
फिर मुझसे एक बच्चा मिला
जिसके पास कुछ नहीं था
उसने आसमान की तरफ एक चुंबन उछाला
और मिट्टी पर लेट गया।
2-
जब नदी के बारे में सोचता हूँ
तो कल्पना में एक नाव आती है
और नाव में झांकने पर दो जोड़ी पैर दिखते हैं
पैरों से याद आती है जमीन
और जमीन से याद आती है जड़ें
जड़ों से याद आते हैं पेड़
पेड़ों से घोंसले
घोंसलों से परिंदे
और परिंदों से पंख
पंखों से याद आता है
एक असीमित आसमान
और जब आसमान के बारे में सोचता हूँ
तो तुम याद आती हो
पर जब तुम्हारे बारे में सोचता हूँ
तो तुम्हारा रंग याद नहीं आता
उसकी गंध याद आती है।
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।
कमेंट
कमेंट X