पृथ्वी के साथ जुड़े खून के इतिहास को
पोछते हुये अब मैं बसंत कहना चाहता हूँ
बसंत जो मेरी पृथ्वी की आँख है
जिससे वह सपने देखती है
मैं पृथ्वी का देखा हुआ सपना कहना चाहता हूँ
यही सपना मुझमें कविताएं उगाता है
हमारे दौर का सचमुच एक बड़ा कवि, अद्भुत संवेदना का स्रोत और ज़िन्दगी का जानकार हमारे बीच से चला गया। ऐसा कवि होना वाकई कठिन होता है जो प्रेम के लिए, मनुष्यता के लिए आज़ादी और जनतंत्र के लिए, स्त्रियों, दलितों, ग़रीबों के साथ संघर्ष में शामिल और हमेशा समर्पित होता रहा है। कविता उसकी ज़िन्दगी का सबसे बड़ा गहना था। वह अकविता के शोरगुल के बीच से आया था। लगभग चाकुओं जैसे शब्दों का इस्तेमाल करता था। हड्डियों में छिपे ज्वर को पहचानता था। वह लिखता ही तो रहा जीवन भर। लिखना ही उसकी आत्मा का असली ताप था।
वह दीवारों पर खून से लिखता हुआ रोशनी के मैदान की तरफ गया। इतनी पत्थर रोशनी में आम आवाम के सपने देखता रहा। वह जानता था कि आग हर चीज़ में विद्यमान है। देखना समझना, महसूस करना उसकी ज़िन्दगी का यथार्थ था। उसने तपते हुये भूखण्ड को देखा। वह ग़लत लोगों और ख़राब व्यवस्था पर पत्थर फेंकता रहा क्योंकि उसमें विडम्बनाओं को देखने पहचानने की भरपूर ताक़त थी। मुझे लगता है उसे कविता सिद्ध थी। जिसे छू देता वह कविता की शक्ल में ढल जाता। उसकी कविता का यह अंश पढ़ें-
"मैं बंधा हूँ कविता की रस्सी
और धरती के खूंटे से
इसीलिये आजाद हूँ इतना
सपने देखने के लिए करते संघर्ष
अपने को भरसक बचा रहा
ताकि डोंडी पीटता रहूं अंतिम साँस तक
...और कविता जिसे
पता नहीं किस भरोसे बना लिया
पड़ताल के लिए कसौटी मैंने
क्या उसका भी करवाना होगा नार्को टेस्ट।"
कविता देवताले जी की सबसे बड़ी संजीवनी थी। उसने हंसते हुए लकड़बग्घों को पहचानते हुये उन पर भरपूर रोशनी डाली। उनका विषैलापन देखा, उसकी हक़ीक़त बयान की। उसने उजाड़ में भी मनुष्यता के विकास का संग्रहालय खोजा। वह न तो कभी थका न कभी रुका। काम करते हुए भी निरन्तर लिखते रहना यह उसके ही बूते की बात थी।
एक वाकया याद आता है मैं लोकसेवा आयोग की उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन करने हेतु इन्दौर गया हुआ था। तय हुआ कि देवताले जी से मिलना है। मैं पुत्रवत उपेन्द्र शर्मा के यहाँ ठहरा हुआ था। शायद आयोग कार्यालय मुझे 11 बजे दिन पहुँचना था। भाभी श्रीमती देवताले अपनी ड्यूटी पर बाहर थीं। बेटी भी नहीं थी। काम वाली बाई काम करके जा चुकी थी। समय सम्भवतः 10 बजे दिन का था। देवताले जी से फोन पर बातें पहले ही हो चुकी थी। घर में अकेले थे। मैंने सोचा था आधे पौन घण्टे बातें होंगी फिर वहीं से आयोग जाऊँगा। देवताले बहुत प्यारे आदमी थे बिना कुछ खाना खिलाये हुये मुझे जाने नहीं देना चाहते थे। अपने हाथों कुछ बनाया और खिलाया। बातें तो ऐसी हो रहीं थी ऐसे लगता जैसे कभी ख़त्म नहीं होंगी। प्यार, इज़हार आत्मीयता तो उनकी फ़ितरत थी। जितने लोग संपर्क में आते प्रायः उन सबके निकट हो जाते। क्योंकि कोई औपचारिकता उनके यहाँ नहीं होती थी। वे मुझे हमेशा प्रेम और अपनत्व की ऊष्मा से भरे लगे।
चन्द्रकान्त देवताले मुडभेड़ करने वाले कवि हैं। वे बच-बचाकर निकलना नहीं जानते और न निकलने की चाहत रखते। वे अपने आप को छिपाते नहीं। उनके अंदर लद्धड़पने के लिये कोई जगह नहीं। वे अपने समय और समाज पर चौकन्ने हैं। वे वक़्त के आरपार देखते हैं और अपने समय में बिंधी हुई बेचैनियों की बहुत शिद्दत से पड़ताल करते हैं। जैसे एक जगह उन्होंने लिखा-
"यह वक़्त, वक़्त नहीं
एक मुक़दमा है या तो गवाही दो
या हो जाओ गूंगे
हमेशा-हमेशा के वास्ते।"
अपने समय और समाज की वे गहराई से पड़ताल करते हैं। उन वास्तविकताओं को खोजते हैं जो आदमी को बेबस बनाती है। वे अपने सच को कहीं भी छिपाते नहीं। जैसे-
"होगा जो कवि
वही तो कहेगा
खटाक से खुलते चाकू की तरह।"
देवताले की संवेदनशीलता गज़ब थी
उनका यह मिज़ाज, उनकी यह अक्खड़ता ताज़िन्दगी बनी रही इसीलिये उनमें हमेशा ताज़गी और रोशन ख़्याल रहे हैं। वे नये-नये लिखने वालों की पातों में हमेशा शामिल रहे क्योंकि उनमें कभी भी न तो पुरानापन आया न ही बासीपना। उनकी कविताओं में एक हरहराता हुआ समुद्र हमेशा रहा है। वे ऐसे-वैसे नहीं लिखते जब भी लिखते हैं बहुत विश्वास के साथ गहन संवेदना और वास्तविकता के साथ-
“यह रही मेरी नापसंदगी की सूची
शामिल इसी में मेरे दुश्मन
गोश्त, चापलूसी करने वाले केंचुए
घटिया किताबें
आत्मा या सार्वजनिक फसलों के चोर
तस्कर, धंधेबाज, ईश्वर, भूख या बेबसी के
आत्मा ने जिनको कभी नहीं धिक्कारा।”
वे अपना आत्मालोचन हमेशा करते हैं। उनका विश्वास जैसे एक भारी भरकम दृढ़ चट्टान की तरह है। जैसे-
“मैं शामिल नहीं हूँ उनमें
जो रास्ते दिखाने का दम तो भरते हैं
किन्तु उन रास्तों पर कभी ख़ुद नहीं दिखते
मुसीबत के दिनों की जो पैदाइश हैं
मैं मुरीद हूँ उनका।”
उनके न रहने के बाद उनकी याद बार-बार आती है। आज 15 अगस्त, 2017 को रह-रहकर चन्द्रकान्त देवताले मुझे स्मरण आ रहे हैं। इधर 15-20 दिन से मेरे फोन लगाने के बाद भी उनसे बात नहीं हो पा रही थी। अन्यथा पाँच-सात दिनों में मेरा मोबाइल बज ही उठता था। हालांकि उनकी आवाज़ धीमी पड़ गई थी। जब दो वर्ष पूर्व यानी 13 मई, 2015 को मैं मौत के शिकंजे में था हालांकि यह कहने सुनने की बातें नहीं है। जीवन में सब घटता रहता है। परिवार और दुनिया के बड़े परिवारवालों, शुभचिन्तकों और मेरे अपने लोगाों ने मुझे बचाया तब मैं अचेत था। होश तो बाद में आया और तब से मैं ज़िन्दगी का सरगम सुन रहा हूँ। कौन-कौन लोग, कैसे-कैसे लोग और किन-किन स्थितियों से हमसे जुदा हुये। हम उनकी निरन्तर याद करते हैं।
क्या बताऊँ मेरी आत्मा में मरने वाले असंख्य बच्चों की चीख़ें गूँज रही है। स्त्रियों और बच्चियों के चीत्कार दहाड़ रहे हैं, वो स्त्रियाँ और बच्चियाँ जो निरन्तर ज़ुल्म सहती हैं लेकिन ये तो वो हैं जो बलात्कारों में ज़िन्दा दफ़न की गयी हैं। असहाय बूढ़े तिल-तिल कर मरे। कितने अन्नदाता कर्ज़ में डूबे और आत्महत्याओं की तरफ़ ढकेले गये। यही नहीं कितने लोग निरन्तर दमन भट्टी में और मौत की आग में भूने जा रहे हैं। कितने हैं जिनकी कोई शिनाख़्त नहीं करता। पूरे जंगल, प्रकृति के घरौंदे और कितने ग़रीब, गुरबे निरन्तर दमन में पीसे जा रहे हैं।
देवताले की संवेदनशीलता गज़ब थी। उनकी कवितायें इन्हीं प्रश्नों को लगातार उठातीं हैं। संघर्ष का एक रास्ता तैयार करती हैं। सचमुच हम एक ऐसे समय में सफ़र कर रहे हैं जहाँ उद्घोषणायें और फरमानों का लम्बा सिलसिला है। आज चन्द्रकान्त देवताले नहीं हैं लेकिन उनकी कवितायें तो हैं। उनकी गूँजती लटपटाती आवाज़ तो है। अंधेरे की दुनिया में उनकी आस्थाओं आशाओं की कर्मठता तो है। जिसमें ढली हैं उनकी कवितायें। वे अपनी कविताओं में हमेशा जीवित और जीवन्त रहेंगे। उनकी आवाज़ों के साये हैं। उनकी कविताओं के बुलबुले हैं और उनकी कविताओं के जलजले भी हैं। जब वे लिखते हैं-
"आवाज़ भी रस्सी है
जब अकेलेपन की
सजा काटता पड़ा रहता हूँ
बाल्टी की तरह सूखे कुयें में
मेरे दिल अज़ीज़ तुम्हारी आवाज़
मैं इत्मीनान के साथ
खींचती है ऊपर तो
थरथराने लगता हूँ
आत्मीयता की बौछार
और जज़्बातों की धूप हवा में।"
चन्द्रकांत देवताले की आवाज़ें मेरे मन में लगातार गूँज रहीं हैं
देवताले जी के विश्वास अटल और अंदाज़ जाज्ज्वल्यमान रहे हैं। जब वे कविता 'पुनर्जन्म' में कहते हैं,
"एक जिन्दगी में एक ही बार पैदा होना
और एक बार ही मरना
जिन लोगों को शोभा नहीं देता
मैं उन्हीं में से एक हूँ।"
देवताले जी बड़ी सख़्त जान वाले आदमी रहे हैं। अपनी जीवन इच्छा में एकदम फ़ौलाद की तरह। उनके विचार बहुत उजले और उनका जीवनकर्म एकदम हमेशा सचेत रहा है। जब वे लिखते हैं-
"समय की मुठभेड़ों ने ईज़ाद किया है मुझको
मैं चाकू हूँ आँसुओं में तैरता हुआ
समुद्र को ढूंढ़ती मछली की तरह इस दुनिया में।"
मैं लगातार उनसे कई तरह के प्रश्न करता रहा हूँ। मेरी कोई हैसियत कभी नहीं रही। अक्सर देवताले मुझसे बोलते बतियाते रहे। उसका गवाह है उनका कविता संग्रह- ‘ख़ुद पर निगरानी का वक़्त’। देवताले जी को मैंने बहुत विचलित होते हुए भी देखा है। इस संकलन की कविताएं इसका साक्ष्य हैं। एक कविता पर गौर करें- शीर्षक है ‘क्या सिर्फ अच्छा होना काफी है’। उसका एक अंश पढ़ें-
"एक तरफ जय-जयकारों के बीच हंसते बड़े-बड़े दयालु
दूसरी तरफ़ मरते कुपोषित बच्चे
अन्न दाताओं की आत्म हत्यायें
मिट्टी का तेल छिड़क जलती औरतें
बढ़ते अपराध मारकाट का रोजमर्रा
धन्यवाद एक अच्छे आदमी और दोस्त
सेवाराम त्रिपाठी का
जिसने दुःखी मन से बताया- नहीं हो सकता संगठन अच्छे आदमियों का
कभी नहीं हो सकता
मैं भी जोड़ रहा इसमें देख ही रहे हम
कितने हड़पबाज और हिंसक होते जा रहे हैं
सभी तरह के मुखौटों वाले संगठन।"
मेरे आत्मीय मित्र और हमराह चन्द्रकान्त देवताले की आवाजें और वनियां मेरे अन्तःप्रदेश में लगातार गूँज रहीं हैं। ये ऐसी अवाज़ें हैं जो मुझे धैर्यवान और निरन्तर सशक्त बनाती हैं लेकिन आज मन डूब उतरा रहा है। यह सोच कर डर लगता है कि अब सशरीर भाई चन्द्रकान्त देवताले जी से मिलना नहीं होगा। मिलूँगा तो उनकी कविताओं से मन में बसी हुई उनकी स्मृतियों से और उस लहजे से जिसका कोई मुक़ाबला नहीं। यह कैसे हो सकता है कि चन्द्रकान्त देवताले याद आयें और भगवत रावत याद न आयें और ये दोनों याद आयें तो कमला प्रसाद जी याद न आयें इनकी यादें मेरे अन्तःप्रदेश में बार-बार प्रतिध्वनित होती रहती हैं। और इन प्रतिध्वनियों के सहारे ही मैं उनसे मिलता रहता हूँ।
उनके निधन के बाद अपनी प्रतिक्रिया में मैंने अपने प्रिय कुमार अंबुज को लिखा था- “ओह! यह बेहद अफ़सोस जनक ख़बर है। वे (चन्द्रकान्त देवताले) हमारे अग्रज भर नहीं थे। उनकी कविता के हर शब्द में जो आवाज़ें और ध्वनियाँ थीं वे हमें गुनने और यथार्थ को समझने की अकूत शक्ति देती थीं। मैंने अपना एक बहुमूल्य सशक्त, बेहद आत्मीय और ईमानदार साथी खो दिया है। उनकी कवितायें हमारे भीतर हमेशा जीवित रही हैं।
सेवाराम त्रिपाठी
रजनीगन्धा 06, शिल्पी उपवन,
श्रीयुत नगर, अनन्तपुर, रीवा मध्यप्रदेश- 486002
मोबाइल - 09425185272
आगे पढ़ें
देवताले की संवेदनशीलता गज़ब थी
एक महीने पहले
कमेंट
कमेंट X