पंजाबी-हिंदी साहित्य की शीर्ष लेखिका अमृता प्रीतम, इमरोज़ के साथ मिलकर नागमणि नाम की पत्रिका संपादित किया करती थीं। उससे जुड़े तमाम क़िस्से जो मशहूर हैं, उनमें से एक है। इस क़िस्से को इमरोज़ ने किताब 'किसी तारीख़ को' में दर्ज किया है।
जब नागमणि का कॉलम शुरु हुआ - 'वह घड़ी: वह घटना', तो उसके लिए प्रेम गोरखी ने एक घटना लिखकर भेजी कि -1967 में उसे किसी ने मुश्कें कसवाकर पुलिस की हिरासत में डलवा दिया, जहां उस पर गालियां और मार पड़ती रही। उसका दोष सिर्फ़ यह था कि उसने जिस लड़की से प्यार किया उसके पिता को वह पसन्द नहीं था। साइकिल की चोरी का झूठा इल्ज़ाम लगाया गया। गोरखी के पिता ने उसे पुलिस की मार से बचाने के लिए पांच सौ की रिश्वत भी दी। फिर मार तो कम हो गई, लेकिन तीन साल मुक़दमा चलता रहा। उन तीन वर्षों में उसके भीतर बदले की भावना पैदा हो गई। वह गुंडे लोगों के घर जाकर तलवार चलाना सीखने लगा। किताबें उसने भुला दीं। और उसके अन्दर का मनुष्य बदलने लगा। पर उसके भीतर एक लेखक भी था। उसने एक कहानी लिखी और अमृता के पास 'नागमणि' के लिए भेज दी। उसके ही शब्दों में, "उम्मीद तो नहीं थी, पर काम बड़ा उलटा हो गया। अमृता का बड़े मोह से लिखा एक लम्बा ख़त मेरे नाम आया। ख़त को मैंने कसकर छाती से लगाया, चूमा और दहलीज़ के पास खड़े हुए मेरी आंखें भर आईं। लिखा था 'हैलो, प्रेम! तुम्हारी कहानी बहुत प्यारी है। तुम्हारे अन्दर एक कलाकार है, तुम उसे मरने मत देना... तुम बहुत सुन्दर कहानियां लिखोगे... कभी निराश मत होना... बहुत सारा प्यार...' और भी बहुत कुछ था, पर मेरे लिए यही कुछ 'सातों समन्दर' थे। दो-तीन कहानियां 'नागमणि' में छप गईं, तो मेरे भीतर एक और मनुष्य उग आया था।
और मुझे क्या सूझी, मैंने एक छोटा-सा ख़त उस हाकिम के नाम लिखा - 'जज साहिब! मैं आपसे फैसला सुनने के लिए आपकी अदालत में मुलज़िम की हैसियत से 15 अक्तूबर को पेश होऊंगा। मैं नहीं चाहता मुझे सज़ा हो। मेहरबान जनाब! मुझे कहानियां लिखने और पढ़ने का शौक़ है। मैं ज़िन्दगी में अच्छा लेखक बनना चाहता हूं। आप मेरे ख़त के साथ नत्थी किए हुए प्रसिद्ध लेखिका अमृता प्रीतम के ख़त से मेरे बारे में कुछ जान सकेंगे ।... मैं फिर विनती करना चाहता हूं कि आप मेरे ऊपर रहम करें। आपका दो शब्दों का फैसला मेरी ज़िन्दगी को बर्बाद भी कर सकता है, और संवार भी सकता है। और मैंने अपने ख़त के साथ अमृता प्रीतम का पहला ख़त नत्थी करके डाक में डाल दिया। जज का नाम जी. के. गोयल था, वह (फ़ैसलेवाले दिन) चश्मे में से एकटक मेरी तरफ देख रहा था। उसने कहा- 'मेरे पास आओ।' मैं कठघरे के ऊपर की तरफ घूमकर जज के पास जाकर खड़ा हो गया। उसने मेरे हाथों को पकड़कर कस लिया और कहा - 'मैं तुम्हें बड़ा लेखक बना हुआ देखना चाहता हूं। खूब लिखो'... और उसने क्लर्कों की तरफ़ मुंह करके कहा - 'प्रेमदास वल्द अर्जुनदेव बरी'।"
प्रेम गोरखी का लिखा हुआ यह लेख पढ़कर अमृता की आंखों में पानी भर आया। उसने उसी समय प्रेम गोरखी को जो पत्र लिखा, उसकी नक़ल भी मेरे पास है।
प्यारे प्रेम गोरखी!
आज तुम्हें 'प्यारे' शब्द मैंने पारम्परिक सम्बोधन के रूप में नहीं लिखा है। अभी तुम्हारा भेजा हुआ 'वह घड़ी: वह घटना' लेख पढ़ा है, और जवाब में यह 'प्यारे' शब्द उसके सचमुच के अर्थों में लिखा है।
तुम्हारे इस लेख को मैं 'नागमणि' के जनवरी के अंक में छापूंगी। सचमुच, दोस्त! दुनिया की बुराई का सही बदला अच्छाई है। देखो! बदला शब्द, जिसे दुनिया ने भयानक बनाया हुआ है, वास्तव में भयानक नहीं है। उसका होना ज़रूरी है, पर अगर सही अर्थों में हो।
इसी तरह नफ़रत, क्रोध और बगावत भी बड़े ज़रूरी जज़्बे हैं, सचमुच की इंसानी शक्ति, पर आज तक इनका सही व्यवहार नहीं हो सका। इन्हें दुनिया की सब गलत क़ीमतों के खिलाफ़ होना चाहिए। पर इन्हें हमेशा अहंकार की रक्षा के लिए बरता जाता है या सत्ता के हस्तान्तरण के लिए।
अन्याय का बदला लूटमार या तशदुद कभी नहीं हो सकता। इसका सही बदला सिर्फ़ इंसानी अच्छाई है। यह कर्म आसान नहीं है, बहुत कठिन है, इसके लिए आत्म-साधना एक तपस्या है। पर जिसको भी अपने हाथ में क़लम थामनी है, तपस्या उसकी पहली ज़रूरत है।
तुम्हारे इस लेख के लिए बहुत-बहुत प्यार भेजती हूं।
9.10.76 अमृता प्रीतम
हमारे यूट्यूब चैनल को Subscribe करें।
कमेंट
कमेंट X