1993 में रिलीज फिल्म 1942 अ लव स्टोरी में एक गाने ने उस दौर के युवाओं को बेचैन कर दिया था। उम्र थी ठीक 17 साल, यानी मन तरंगों में हिलोरे मारने लगा था। इसी समय इस फिल्म का गीत 'एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा...' ने मन में मखमली हलचल पैदा कर दी। गीत का यह असर ही था कि मन में एक लड़की की सुंदरता और उसका पूरा चिर यौवन अंकित होने लगा। प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर ने गीत को इतने शायराना अंदाज में लिखा है कि इसे सुनकर मन में एक लड़की के प्रति सकारात्मक सोच का रोमांच आना स्वाभाविक है। आरडी बर्मन के संगीत में जावेद अख्तर के बोल को बेहद हसीन तरन्नुम मिले थे। कुमार सानू ने इस गीत में अपनी दिलकश आवाज दी। मेरे लिए यह केवल गीत हीं नहीं था बल्कि लड़की के अस्तित्व का एक मुकम्मल एहसास था। सुंदर शब्दों के साथ बेहतर संजीदगी का भाव रखे इस गीत का मैं धीरे-धीरे मुरीद हो गया था।
जैसे खिलता गुलाब, जैसे शायर का ख्वाब...
नवोदित अभिनेत्री मनीषा कोइराला का नया चेहरा उस समय बॉलीवुड में आया था। उनके चेहरे की हर तरफ तारीफ हो रही थी। इसी दौरान इस गीत ने मनीषा कोइराला और उनके सादगी भरे सौंदर्य को और चर्चित कर दिया था। मनीषा की नैचुरली ब्यूटी इस गीत के साथ सटीक ढंग से बैठ रही थी। ऐसा लगा जैसे यह गीत सिर्फ और सिर्फ मनीषा कोइराला के सौंदर्य के लिए ही बना था। यह गीत किसी और नायिका पर फिल्माया जाता तो शायद यह इतना हिट नहीं होता। बेहतरीन फिल्मांकन ने इस गीत की खूबसूरती को और बढ़ा दिया था। झरने की कलकल आवाज और सुंदर हरे-भरे बगीचे तथा सफदे रंग के परिधान में मनीषा का सौंदर्य और गीत के बोल ऐसा प्रतीत होते हैं कि जैसे यह ये एक दूसरे के लिए ही बने थे। गीत के शुरुआती बोल में ही कहा गया कि एक लड़की...एक तरह से खिलता गुलाब है। शायर का ख्वाब है।
एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा
जैसे खिलता गुलाब
जैसे शायर का ख्वाब
जैसे उजली किरण
जैसे वन में हिरन
जैसे चांदनी रात
जैसे नरमी की बात
जैसे मंदिर में हो एक जलता दिया
जैसे सुबहों का रूप, जैसे सर्दी की धूप...
जावेद अख्तर ने गीत को प्रकृति और उसके सौंदर्य के साथ हर अंतरे में जोड़े रखा है। उन्होंने नायिका के चेहरे की चमक को उजली किरण तथा उसकी चाल को वन में एक हिरण की चाल बताया है। यहां तक कि अख्तर ने लड़की की सादगी को मंदिर में जलते एक दिये की संज्ञा दी है।
सुबह की धूप हो या सर्दी की धूप, वीना की तान हो या रंगों की जान हो, इन सभी की बात गीतकार तुलना में करते हैं। हर वह चीज जो भागदौड़ और तनाव में मनुष्य के जीवन को सुकून और राहत देती है, उसका जिक्र एक लड़की के सौंदर्य का वर्णन करने वाले इस गीत में किया गया है। अख्तर का यह शायराना अंदाज ही है कि उन्हें एक लड़की में इतने सारे सुकून मिलते हैं। और वह इसका शिद्दत से वर्णन करते हैं।
एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा
जैसे सुबहों का रूप
जैसे सर्दी की धूप
जैसे वीना की तान
जैसे रंगों की जान
जैसे बलखाये बेल
जैसे लहरों का खेल
जैसे खुशबू लिए आये ठंडी हवा
लोग लड़कियों को एक ख्वाब के रूप में महसूस करने लगे थे...
यह गीत इतना बेजोड़ था कि इसकी वजह से फिल्म को जाना गया। गीत ने लोगों के मन में लड़की के प्रति एक सकारात्मक सोच भर दी थी। लोग लड़कियों को एक ख्वाब, गुलाब, रेशमी डोर, रसती फुहार, वीना की तान समझ उसे सकारात्मक उर्जा के रूप में महसूस करने लगे थे।
एक लड़की को देखा तो ऐसा लगा
जैसे नाचता मोर
जैसे रेशम की डोर
जैसे परियों का राग
जैसे संदल की आग
जैसे सोलह श्रृंगार
जैसे रसती फुहार
जैसे आहिस्ता-आहिस्ता बढ़ता नशा
गीत में कहीं भी तड़क-भड़क और झंकार का तड़का नहीं लगाया गया...
गीत में कहीं भी तड़क-भड़क और झंकार का तड़का नहीं लगाया गया है। मंद पवन जैसी रसवंती की बहार इस गीत के जरिए दर्शकों में परोसी गई थी। इस गीत का सुरूर एक दम से दिलों दिमाग या जेहन में नहीं चढ़ा था। अगर ऐसा होता तो वह साल-छह महीने में मन से उतर जाता। यह गीत एक धीमा प्रयास था। हौले हौले इसका असर दूर तक रहा। 25 साल होने को हैं लेकिन यह गीत सुनते ही लोगों के दिलों-दिमाग में बरबस छा जाता है किसी लड़की का सादगी भरा चेहरा...
अमर उजाला एप इंस्टॉल कर रजिस्टर करें और 100 कॉइन्स पाएं
केवल नए रजिस्ट्रेशन पर
बेहतर अनुभव के लिए
4.3
ब्राउज़र में ही
अब मिलेगी लेटेस्ट, ट्रेंडिंग और ब्रेकिंग न्यूज आपके व्हाट्सएप पर
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।
कमेंट
कमेंट X