बिजनेस अपडेट्स: US के छह प्रमुख बैंकों की ऑनलाइन सेवा ठप; आईडीबीआई बैंक को बड़ा समूह बनाएगी कनाडा की फेयरफैक्स
अमेरिका के बैंकिंग क्षेत्र में सोमवार (भारतीय समयानुसार मंगलवार तड़के) एक बड़ा तकनीकी व्यवधान देखने को मिला। देश के छह प्रमुख बैंकों और वित्तीय सेवाओं के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म अचानक ठप हो गए, जिससे हजारों ग्राहक अपने बैंक खातों में लॉग-इन करने, फंड ट्रांसफर करने और डिजिटल भुगतान करने में असमर्थ रहे। ऑनलाइन सेवाओं की निगरानी करने वाली वेबसाइट डाउनडिटेक्टर के अनुसार सोमवार सुबह (अमेरिकी समय के अनुसार) शिकायतों की बाढ़ आ गई। इस तकनीकी खराबी की चपेट में आने वाले प्रमुख संस्थानों में जेपी मोरगन चेज, बैंक ऑफ अमेरिका, वेल्स फार्गो, यू.एस. बैंक, चेज, डिजिटल पेमेंट नेटवर्क शामिल रहे। इसके अलावा, थर्ड-पार्टी फाइनेंशियल एप्स के जरिये बैंक खातों को जोड़ने वाली सेवा समस्याएं दर्ज की गईं। मोबाइल एप खोलने पर कई ग्राहकों को स्क्रीन पर संदेश दिखाई दिया— कुछ सेवाएं फिलहाल उपलब्ध नहीं हैं। हम इन्हें ठीक करने पर काम कर रहे हैं।
आईडीबीआई बैंक को बैंकिंग व बीमा क्षेत्र का बड़ा समूह बनाएगी फेयरफैक्स
कनाडा की फेयरफैक्स फाइनेंशियल होल्डिंग्स आईडीबीआई बैंक को बैंकिंग से लेकर बीमा क्षेत्र का एक बड़ा समूह बनाने की योजना बनाई है। फेयरफैक्स की तरफ से आईडीबीआई बैंक में निर्णायक हिस्सेदारी खरीदने के लिए 52,878 करोड़ रुपये की पेशकश की गई है जो सरकार के स्वतंत्र मूल्यांकन से अधिक रही है। सूत्रों के मुताबिक, अरबपति निवेशक प्रेम वत्स की अगुवाई वाली फेयरफैक्स ने वैश्विक प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया में प्रति शेयर 81 रुपये की पेशकश की थी, जबकि सरकार का स्वतंत्र मूल्यांकन 75.99 रुपये प्रति शेयर था। यह पेशकश बैंक के 31 मार्च, 2026 तक के प्रति शेयर 51.85 रुपये के नियामकीय बही मूल्य से 56 फीसदी और 18 मई के 70.38 रुपये के बंद भाव से करीब 15 फीसदी अधिक थी। अब निवेश कंपनी की योजना बैंक को बैंकिंग, बीमा, निवेश बैंकिंग और संपत्ति प्रबंधन सेवाओं वाला एक विविधीकृत वित्तीय सेवा समूह बनाने की है।
रेड बुल के एनर्जी ड्रिंक में ज्यादा चीनी, एफएसएसएआई ने सात दिन में मांगा जवाब
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने लोकप्रिय बेवरेज ब्रांड रेड बुल को नोटिस जारी कर उसके 'एनर्जी ड्रिंक' लेबल पर सवाल उठाए हैं। सोमवार को जारी इस गोपनीय नोटिस में नियामक ने कंपनी से सात दिनों में यह स्पष्ट करने को कहा है कि उसके उत्पाद पर 'एनर्जी ड्रिंक' लिखने पर प्रतिबंध क्यों न लगाया जाए। एफएसएसएआई ने पेय की पोषण संरचना और इसमें मौजूद अतिरिक्त चीनी की भारी मात्रा पर गंभीर चिंता जताई है। नियामक के मुताबिक, रेड बुल में प्रति 100 एमएल में 11 ग्राम चीनी होती है। इस हिसाब से 500 एमएल ड्रिंक पीने पर शरीर में 55 ग्राम चीनी पहुंच जाती है, जो एक दिन के लिए निर्धारित 50 ग्राम की सामान्य सीमा से अधिक है। नियामक ने पैक पर छपी इस सलाह पर भी आपत्ति जताई है कि एक दिन में 500 एमएल से अधिक इसका सेवन न करें।
लागत पर विवाद अडाणी के प्रोजेक्ट पर लगी रोक, 5.675 करोड़ की लागत को 56.75 करोड़ रुपये बताया
महाराष्ट्र के सतारा जिले में अडाणी ग्रीन एनर्जी के 1,500 मेगावाट क्षमता के तराली पंप स्टोरेज प्रोजेक्ट का काम वन विभाग ने रोक दिया है। विभाग के अनुसार, राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की मंजूरी के बिना निर्माण शुरू किया गया। परियोजना की लागत को कंपनी के दस्तावेज में पहले 5,675 करोड़ रुपये बताया गया था, जबकि बाद के आवेदन में 56.75 करोड़ रुपये का जिक्र हुआ। इसके चलते वन्यजीव संरक्षण के लिए कंपनी को 227 करोड़ रुपये की जगह महज 2.27 करोड़ रुपये देने होंगे। विभाग ने कंपनी से तीन दिन में जवाब मांगा और सभी वैधानिक मंजूरियों, नक्शों व पेड़ काटने संबंधी अनुमतियों के दस्तावेज पेश करने को कहा। जवाब संतोषजनक न होने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। दूसरी ओर कंपनी ने आरोपों से इन्कार किया और कहा कि परियोजना पूरी तरह निजी गैर-वन भूमि पर विकसित की जा रही है। कंपनी ने कहा कि 56.75 करोड़ सिर्फ शुरुआती सर्वेक्षण और जांच खर्च है, परियोजना की कुल लागत नहीं।
