सौदा पक्का: साथ आए बेजोस-बॉन्ड, अमेजन का होगा हॉलीवुड का 97 साल पुराना MGM स्टूडियो
8.45 अरब डॉलर में मेट्रो गोल्डविन मेयर (MGM) अब दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन का हो जाएगा। नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलते ही यह अमल में आ जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कोरोना काल में मनोरंजन की दुनिया की दो बड़ी कंपनियों के बीच बड़ा सौदा हुआ है। हॉलीवुड के स्वर्णिम युग का साक्षी मेट्रो गोल्डविन मेयर (MGM) अब दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन का हो जाएगा। यह सौदा 8.45 अरब डॉलर में हुआ है। नियामक संस्थाओं की मंजूरी मिलते ही यह अमल में आ जाएगा। एमजीएम के पास 4000 फिल्में और 17,000 घंटे के टीवी की लाइब्रेरी है।
चार पीढ़ियों से दर्शकों के दिल के करीब रही है एमजीएम
एमजीएम वही कंपनी है जो शुरू से लेकर अब तक जेम्स बॉन्ड की सारी फिल्में बनाती रही है। एमजीएम जेम्स बॉन्ड की फिल्मों के लिए पिछली चार पीढ़ियों से दर्शकों के दिल के करीब रही है। लेकिन अब यह कंपनी अमेजन की हो जाएगी। एमजीएम का लोगो बच्चों को तब से याद होना शुरू हुई जब वह बचपन में टॉम एंड जेरी देखते थे और फिर बड़े होते होते ये लोगो ही उन्हें मनोरंजन की दुनिया का सबसे मनोरंजक दरवाजा लगने लगता है।
97 साल पुराने स्टूडियो की रोचक बातें-
- एमजीएम स्टूडियोज की स्थापना मारकस लोए और लुईस बी मेयर ने 17 अप्रैल 1924 में की थी।
- एमजीएम की धरोहर 4000 से ज्यादा फिल्मों की रही है। इन फिल्मों ने 180 ऑस्कर पुरस्कार जीते हैं।
- एमजीएम के पास 17000 से अधिक बेहतरीन टीवी शोज की भी बहुत बड़ी लाइब्रेरी है। इन शोज ने 100 एमी पुरस्कार जीते हैं।
- एमजीएम कंपनी के पास तमाम एनीमेशन फिल्मों के अधिकार के अलावा सारी जेम्स बॉन्ड फिल्मों के प्रसारण, प्रदर्शन व वितरण अधिकार भी हैं। उनकी जेम्स बॉन्ड सीरीज की नई फिल्म 'नो टाइम टू डाई' बनकर तैयार है और इसकी रिलीज अब तक चार बार टाली जा चुकी है।
- एमजीएम की लाइब्रेरी में 'रोबो कॉप', 'द पिंक पैंथर', 'द साइलेंस ऑफ लैम्ब्स', आदि प्रमुख हैं। इसके अलावा 'फारगो', 'द हैंड्समेड टेल' और 'वाइकिंग्स' जैसी सुपरहिट टीवी सीरीज भी एमजीएम ने ही बनाई हैं।
अमेजन ने किया वादा
अमेजन ने कहा कि, 'अमेजन का वादा है कि वह एमजीएम की विरासत और इसके फिल्मों की सूची को न सिर्फ संरक्षित करेगी बल्कि इन महान कार्यों को अब ग्राहकों को बेहतर सुविधा के साथ सुलभ कराया जाएगा। इस अधिग्रहण से अमेजन एक तरह से एमजीएम के उसी काम में मजबूती लाने जा रही है जो वह सबसे अच्छा करते हैं, वह है किस्सागोई।'