'आपने खेल को कई यादगार पल दिए': मैक्सवेल के संन्यास पर भावुक हुए फिंच, कहा- आपसे बेहतर टीममेट और दोस्त नहीं
ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने पर पूर्व कप्तान एरॉन फिंच ने उनकी जमकर तारीफ की है। फिंच ने मैक्सवेल को क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक और अपनी पीढ़ी के सबसे इनोवेटिव खिलाड़ियों में से एक बताया।
विस्तार
- 2022 टी20 विश्व कप में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कप्तानी करने वाले फिंच ने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर मैक्सवेल को उनके शानदार करियर के लिए बधाई दी।
- फिंच ने लिखा, 'क्या शानदार करियर रहा है ग्लेन मैक्सवेल! इसमें कोई शक नहीं कि वह क्रिकेट इतिहास के सबसे विस्फोटक खिलाड़ियों में से एक हैं और हमारी पीढ़ी के सबसे इनोवेटिव खिलाड़ियों में भी उनका नाम शामिल है। क्रिकेट के मैदान पर उन्होंने कई ऐसी चीजें की हैं, जिनकी कल्पना करना भी मुश्किल है। उन्होंने ऐसी पारियां खेली हैं, जिनका सपना हममें से ज्यादातर खिलाड़ी देखते हैं। साथ ही इस खेल को कई यादगार पल दिए हैं।'
- उन्होंने आगे कहा कि मैक्सवेल ने क्रिकेट खेलने के अंदाज को बदला और अपने प्रदर्शन से कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया।
What a career @Gmaxi_32!! Without doubt one of the most destructive players the game has ever seen and easily one of the most innovative of our generation. Some of the things you’ve done on a cricket field have been absolutely ridiculous. You’ve played innings that most of us could only dream of and produced some of the greatest moments this game has ever seen. You’ve changed the way the game is played and inspired so many along the way. But as good as you’ve been on the field, you’ve been an even better teammate and a great mate. I’ve loved sharing the dressing room with you, the wins, the challenges and everything in between. So many great memories that I’ll always look back on. An incredible career for Australia mate, and one you should be extremely proud of. Congratulations legend ❤️
— Aaron Finch (@AaronFinch5) November 3, 2026
फिंच ने मैक्सवेल की सिर्फ मैदान पर की गई उपलब्धियों की ही नहीं, बल्कि उनके व्यवहार और टीम के प्रति योगदान की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मैक्सवेल एक बेहतरीन खिलाड़ी होने के साथ-साथ शानदार साथी और अच्छे दोस्त भी रहे हैं।
फिंच ने लिखा, 'मैदान पर आप जितने अच्छे खिलाड़ी रहे हैं, उससे भी बेहतर टीममेट और दोस्त रहे हैं। आपके साथ ड्रेसिंग रूम साझा करना शानदार अनुभव रहा। जीत, चुनौतियों और उनके बीच बिताए गए हर पल की कई ऐसी यादें हैं, जिन्हें मैं हमेशा संजोकर रखूंगा। ऑस्ट्रेलिया के लिए आपका करियर अविश्वसनीय रहा है और आपको इस पर बेहद गर्व होना चाहिए। बधाई हो लीजेंड।'
ग्लेन मैक्सवेल ने 'द फाइनल वर्ड' पॉडकास्ट में अपने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर को समाप्त करने की घोषणा की। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में विक्टोरिया की ओर से 50 ओवर और चार दिवसीय प्रारूप में भी नहीं खेलने का फैसला किया है। मैक्सवेल ने कहा, 'मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और विक्टोरिया के लिए घरेलू क्रिकेट में 50 ओवर और चार दिवसीय प्रारूप यानी रेड बॉल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करने जा रहा हूं।'
38 वर्षीय मैक्सवेल पिछले साल जून में ही वनडे क्रिकेट से संन्यास ले चुके थे, लेकिन उन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए अपनी उपलब्धता बनाए रखी थी। हालांकि, फरवरी में टी20 विश्व कप 2026 में ओमान के खिलाफ खेला गया मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के लिए उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय मैच साबित हुआ।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा मैक्सवेल ने प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए क्रिकेट से भी दूरी बनाने का फैसला किया है। हालांकि, वह बिग बैश लीग (बीबीएल) में मेलबर्न स्टार्स की ओर से खेलना जारी रखेंगे। मैक्सवेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, अनोखे शॉट्स और उपयोगी गेंदबाजी से खास पहचान बनाई। उनके संन्यास के साथ ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का एक अहम अध्याय समाप्त हो गया है।