Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Cricket ›   Cricket News ›   Sandpapergate Controversy: Usman Khawaja Backs Cameron Bancroft, Chadd Sayers Supports Claims

बैनक्रॉफ्ट के खुलासे से फिर गरमाया सैंडपेपरगेट विवाद: ख्वाजा ने किया समर्थन, सायर्स ने भी बताई अंदर की कहानी

Thu, 19 Nov 2026 03:32 PM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: मयंक त्रिपाठी Updated Thu, 19 Nov 2026 03:32 PM IST
सार

साल 2018 के केपटाउन बॉल टेंपरिंग विवाद ने एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में हलचल मचा दी है। कैमरून बैनक्रॉफ्ट के खुलासे के बाद उस्मान ख्वाजा और पूर्व तेज गेंदबाज चाड सायर्स ने उनका समर्थन किया है। सायर्स ने भी दावा किया कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी थी। 

विज्ञापन
Sandpapergate Controversy: Usman Khawaja Backs Cameron Bancroft, Chadd Sayers Supports Claims
उस्मान ख्वाजा - फोटो : IANS

विस्तार

ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का चर्चित सैंडपेपरगेट विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट के दौरान हुए बॉल टेंपरिंग मामले में अब नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने कैमरून बैनक्रॉफ्ट के खुलासों का खुलकर समर्थन किया है। वहीं, उस ऐतिहासिक टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के 12वें खिलाड़ी रहे चाड सायर्स ने भी ख्वाजा के दावों को सही बताया है।
विज्ञापन
Trending Videos

बैनक्रॉफ्ट में लेख में किए कई खुलासे
बैनक्रॉफ्ट ने हाल ही में करीब 4000 शब्दों के एक विस्तृत लेख में 2018 के विवाद पर अपनी बात रखी। उन्होंने दावा किया कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना के बारे में टीम के अधिकांश खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को जानकारी थी। उनके मुताबिक, गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए तेज गेंदबाजों के साथ बातचीत होती थी और सैंडपेपर के इस्तेमाल को लेकर टीम के भीतर प्रोत्साहन भी मिलता था। उन्होंने यहां तक कहा कि टीम की मीडिया मैनेजर केट हचिसन को छोड़कर लगभग सभी लोग इस रणनीति से वाकिफ थे।
विज्ञापन
विज्ञापन

बैनक्रॉफ्ट के समर्थन में उतरे उस्मान ख्वाजा
  • बैनक्रॉफ्ट के खुलासों पर प्रतिक्रिया देते हुए उस्मान ख्वाजा ने खुशी जताई कि उनके साथी खिलाड़ी ने आखिरकार अपनी बात खुलकर रखी। द वेस्ट ऑस्ट्रेलियन के मुताबिक, ब्रिस्बेन एयरपोर्ट पर ख्वाजा ने कहा कि उन्हें गर्व है कि बैनक्रॉफ्ट ने इस घटना के बारे में बोलने का साहस दिखाया।
  • ख्वाजा ने कहा, 'मैं बहुत खुश हूं कि कैमरून को अपनी कहानी बताने के लिए सुरक्षित महसूस हुआ। मुझे उस पर गर्व है। मैं उसे लंबे समय से जानता हूं। वह मेरा दोस्त है और मैंने उससे इस बारे में कई बार बात की है। यह ऐसी बात है, जिसे वह लंबे समय से अपने साथ लेकर चल रहा था।'
  • उन्होंने आगे कहा कि पिछले कुछ हफ्तों से उनकी बैनक्रॉफ्ट से बातचीत हो रही थी। उन्हें लगता है कि अब पहली बार बैनक्रॉफ्ट को इस विवाद से आगे बढ़ने और अपने मन की बात कहने का मौका मिला है। ख्वाजा ने स्पष्ट कहा कि वह बैनक्रॉफ्ट और उनके बयानों का पूरी तरह समर्थन करते हैं।
विज्ञापन

चाड सायर्स बोले- ख्वाजा ने जो कहा, वह सच था
इस विवाद में अब पूर्व ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज चाड सायर्स का बयान भी सामने आया है। 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में सायर्स टीम के 12वें खिलाड़ी थे। उन्होंने कहा कि उस्मान ख्वाजा की किताब 'सब्र' में किए गए खुलासों के बाद उन्हें अपनी बात रखने का मौका मिला। एसईएन रेडियो से बातचीत में सायर्स ने कहा कि वह पहले इस मामले पर चुप रहने में सहज थे, लेकिन ख्वाजा की किताब सामने आने के बाद उन्हें लगा कि अब सच को स्वीकार करने का समय है।

उन्होंने कहा, 'मैं इस बात को लेकर आश्वस्त था कि उस्मान ने जो कहा है, वह सच है। जब उनकी किताब सामने आई और उससे जुड़े कुछ बयान सार्वजनिक हुए, तो मुझे यह कहने में कोई परेशानी नहीं थी कि मैं उनके दावों को सही मानता हूं।' सायर्स ने यह भी स्वीकार किया कि वह शायद ख्वाजा की किताब आने तक इस विवाद पर सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहते। उन्होंने कहा कि उन्हें लगता था कि मामला पुराना हो चुका है और अब इसे पीछे छोड़ देना चाहिए। हालांकि, कैमरून बैनक्रॉफ्ट ने इस दौरान जो कुछ झेला, उसे जानने के बाद उन्हें लगता है कि उन्हें पहले ही सामने आकर अपनी बात रखनी चाहिए थी।

सायर्स का दावा- पूरी टीम को थी जानकारी
सायर्स ने अपने बयान में सबसे अहम बात यह कही कि दक्षिण अफ्रीका दौरे पर पूरी टीम को गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी थी। उनके मुताबिक, गेंद को रिवर्स स्विंग कराने की कोशिश किसी एक खिलाड़ी का काम नहीं होती, बल्कि इसमें पूरी टीम की भूमिका होती है। उन्होंने कहा, 'मैं जहां आज खड़ा हूं, वहां से यह कहने में सहज हूं कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका में सभी को पता था कि क्या हो रहा है। सैंडपेपर का इस्तेमाल दो टेस्ट मैचों में हुआ था और ड्रेसिंग रूम में इसको लेकर चर्चाएं भी हुई थीं।'

सायर्स ने यह भी स्पष्ट किया कि वह किसी एक खिलाड़ी या पक्ष का समर्थन नहीं कर रहे हैं। उनका कहना था कि वह केवल वही बता रहे हैं, जो उन्होंने उस समय देखा और समझा था। उन्होंने कहा कि गेंद को रिवर्स स्विंग कराने के लिए पूरी टीम का सहयोग जरूरी होता है। मैदान पर किसी एक फील्डर की छोटी-सी गलती भी गेंद की स्थिति बदल सकती है और रिवर्स स्विंग की कोशिश नाकाम हो सकती है। इसलिए उन्हें लगता है कि इस प्रक्रिया में टीम के सभी खिलाड़ियों की जानकारी और भागीदारी रही होगी।

ख्वाजा की किताब से फिर खुला आठ साल पुराना मामला
इस पूरे विवाद को दोबारा चर्चा में लाने का श्रेय उस्मान ख्वाजा की आत्मकथा 'सब्र' को जाता है। अपनी किताब में ख्वाजा ने दावा किया था कि 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गेंद से छेड़छाड़ की जानकारी केवल स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट तक सीमित नहीं थी, बल्कि टीम के अन्य खिलाड़ियों को भी इसकी जानकारी थी। ख्वाजा ने टीम से सामूहिक जिम्मेदारी लेने की मांग की थी। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि दक्षिण अफ्रीका के गकेबरहा (तत्कालीन पोर्ट एलिजाबेथ) में खेले गए पिछले टेस्ट में भी सैंडपेपर का इस्तेमाल हुआ था। इसके अलावा उन्होंने 2017-18 की एशेज सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया में भी गेंद से छेड़छाड़ किए जाने का दावा किया। उनके मुताबिक, रिवर्स स्विंग हासिल करने के लिए गेंद की सीम के एक हिस्से को उठाया गया था।

पैट कमिंस के रुख में बदलाव नहीं, एजेंट ने किया बचाव
जहां ख्वाजा, बैनक्रॉफ्ट और सायर्स के बयानों से विवाद ने नया मोड़ ले लिया है, वहीं ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस का पक्ष पहले जैसा ही है। कमिंस के लंबे समय से एजेंट रहे नील मैक्सवेल ने कहा है कि इस मामले में कप्तान का रुख पिछले आठ वर्षों से नहीं बदला है। ईएसपीएनक्रिकइन्फो के मुताबिक, मैक्सवेल ने कहा कि कमिंस पहले दिन से अपने रुख पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि कमिंस को बैनक्रॉफ्ट के प्रति सहानुभूति है, क्योंकि उन्होंने इस पूरे मामले में काफी कुछ झेला है।

मैक्सवेल ने कहा, 'पैट का रुख आठ साल में नहीं बदला है। वह पहले दिन से अपने बयान पर कायम और स्पष्ट रहे हैं। हम लोगों से आग्रह करेंगे कि वे पैट के इंटरव्यू को दोबारा पढ़ें। उन्होंने हर सवाल का जवाब दिया है, जिसमें कैमरून के हालिया बयानों से जुड़े सवाल भी शामिल हैं।' उन्होंने आगे कहा कि केपटाउन में उस समय 24 साल के कमिंस ने ऑस्ट्रेलियाई टीम को सुधारने का संकल्प लिया था और पिछले आठ वर्षों में उन्होंने इसी दिशा में काम किया है। गौरतलब है कि कमिंस पहले ख्वाजा के दावों को 'बकवास' बता चुके हैं। उन्होंने कहा था कि गेंदबाजी समूह के सदस्य उनके अलावा मिचेल स्टार्क और जोश हेजलवुड का इस घटना में कोई हाथ नहीं था।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बनाई स्वतंत्र जांच समिति जैसी व्यवस्था
  • लगातार सामने आ रहे बयानों के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने बुधवार को 2018 के दक्षिण अफ्रीका दौरे पर गई टीम के खिलाड़ियों की बात सुनने के लिए एक स्वतंत्र फोरम बनाने की घोषणा की है। इस फोरम के जरिए उस दौरे का हिस्सा रहे खिलाड़ी अपने अनुभव और घटनाओं से जुड़ी जानकारी साझा कर सकेंगे।
  • क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया का मकसद आठ साल पहले हुई जांच को दोबारा खोलना या किसी खिलाड़ी को फिर से दोषी ठहराना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया के बाद किसी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य पर नई कार्रवाई या प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा।
  • करीब एक महीने तक चलने वाली इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद कौन-सी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी, इसका फैसला क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बोर्ड करेगा। फिलहाल, बैनक्रॉफ्ट के नए खुलासे, ख्वाजा के समर्थन और चाड सायर्स के बयान ने सैंडपेपरगेट विवाद को एक बार फिर ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सामने खड़ा कर दिया है। अब सबकी नजरें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के स्वतंत्र फोरम की प्रक्रिया और उससे सामने आने वाली जानकारियों पर टिकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें क्रिकेट समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। क्रिकेट जगत की अन्य खबरें जैसे क्रिकेट मैच लाइव स्कोरकार्ड, टीम और प्लेयर्स की आईसीसी रैंकिंग आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed