जेईई मेन 2027: कौन कर सकता है आवेदन, 12वीं में कितने प्रतिशत अंक है जरूरी? जानें उम्र और योग्यता के नियम
जेईई मेन 2027 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। परीक्षा में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों को 12वीं पास करने का साल, जरूरी विषय और प्रवेश की शर्तें जानना जरूरी है। परीक्षा के लिए कोई अधिकतम उम्र सीमा नहीं है। एनआईटी और आईआईआईटी में दाखिले के लिए 75 प्रतिशत अंक या बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में होना जरूरी हो सकता है।
विस्तार
इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने का सपना देख रहे छात्रों के लिए जेईई मेन 2027 एक अहम परीक्षा है। इस परीक्षा के जरिए देश के बड़े इंजीनियरिंग संस्थानों में दाखिले का रास्ता खुलता है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने जेईई मेन 2027 के पहले सत्र का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को अपनी शैक्षणिक योग्यता, 12वीं पास करने का साल, जरूरी विषय और दाखिले की शर्तों की जानकारी होनी चाहिए। इसके अलावा मेरिपहचान, डिजिलॉकर और एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) आईडी की भूमिका समझना भी जरूरी है।
कौन कर सकता है आवेदन?
- जेईई मेन 2027 के लिए वे उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने 2025 या 2026 में 12वीं की परीक्षा पास की है।
- इसके अलावा 2027 में 12वीं की परीक्षा देने वाले छात्र भी आवेदन कर सकते हैं। यानी इस परीक्षा के लिए तीन साल की योग्यता अवधि तय की गई है।
- जिन उम्मीदवारों ने 2024 या उससे पहले 12वीं पास की है, वे इस नियम के तहत आवेदन नहीं कर सकेंगे।
- इसलिए फॉर्म भरने से पहले अपनी 12वीं पास करने का साल जरूर जांच लें।
- गलत जानकारी देने पर आवेदन में परेशानी हो सकती है।
क्या उम्र की कोई सीमा है?
जेईई मेन 2027 में शामिल होने के लिए अधिकतम उम्र की कोई सीमा नहीं रखी गई है। यानी उम्मीदवार किसी भी उम्र में परीक्षा दे सकते हैं, बशर्ते वे बाकी जरूरी योग्यताओं को पूरा करते हों। उम्मीदवार लगातार तीन साल तक इस परीक्षा में शामिल हो सकते हैं। हर साल जनवरी और अप्रैल में दो सत्र आयोजित किए जाते हैं। इससे छात्रों को एक ही साल में दो बार परीक्षा देने का मौका मिलता है। उम्मीदवार अपने बेहतर अंक के आधार पर आगे की तैयारी कर सकते हैं। हालांकि, दाखिले के समय संबंधित संस्थान के नियम भी लागू होंगे।
12वीं में कितने प्रतिशत अंक जरूरी हैं?
- जेईई मेन 2027 की परीक्षा में शामिल होने के लिए 12वीं में कम से कम कितने प्रतिशत अंक होने चाहिए, इसे लेकर छात्रों के मन में अक्सर सवाल रहता है।
- परीक्षा देने के लिए 12वीं में न्यूनतम अंकों की कोई शर्त नहीं है।
- लेकिन एनआईटी, आईआईआईटी और दूसरे भाग लेने वाले संस्थानों में दाखिले के लिए अलग नियम हैं।
- आमतौर पर सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 12वीं में कम से कम 75 प्रतिशत अंक या अपने बोर्ड के टॉप 20 पर्सेंटाइल में जगह बनाना जरूरी होता है।
- एससी और एसटी वर्ग के लिए यह सीमा 65 प्रतिशत है।
JEE Main 2027: पहले सत्र का पूरा शेड्यूल
|
कार्यक्रम |
तारीख |
|---|---|
|
आवेदन शुरू होने की तारीख |
24 अक्टूबर 2026 |
|
आवेदन की आखिरी तारीख |
22 नवंबर 2026 |
|
अतिरिक्त शुल्क के साथ आवेदन |
23 से 26 नवंबर 2026 |
|
आवेदन में सुधार की तारीख |
27 से 29 नवंबर 2026 |
|
परीक्षा शहर की जानकारी |
30 दिसंबर 2026 |
|
एडमिट कार्ड जारी होने की तारीख |
13 जनवरी 2027 |
|
जेईई मेन परीक्षा |
20 से 24 जनवरी और 28 जनवरी 2027 |
मेरिपहचान और डिजिलॉकर क्यों जरूरी हैं?
जेईई मेन के ऑनलाइन आवेदन के दौरान छात्रों को डिजिटल सेवाओं और दस्तावेजों की जानकारी भी होनी चाहिए। मेरिपहचान एक डिजिटल पहचान सेवा है, जिसका इस्तेमाल अलग-अलग सरकारी सेवाओं में लॉगिन के लिए किया जाता है। डिजिलॉकर में छात्र अपने जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज डिजिटल रूप में सुरक्षित रख सकते हैं। वहीं, एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट्स (ABC) आईडी छात्रों के शैक्षणिक क्रेडिट का रिकॉर्ड रखने में मदद करती है। इन तीनों का काम अलग-अलग है। आवेदन और दस्तावेजों की जांच के समय इनसे जुड़ी जानकारी उपयोगी हो सकती है।
कमेंट
कमेंट X