स्टूडेंट सुसाइड: कोटा में नीट छात्रा ने की आत्महत्या, 2026 में कोचिंग स्कूल के अभ्यर्थियों की आठवीं मौत
कोटा में नीट की तैयारी कर रही एक छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। इस घटना के साथ ही 2026 में कोटा के कोचिंग अभ्यर्थियों की मौत का आंकड़ा आठ हो गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Kota Student Suicide: मध्य प्रदेश की 20 वर्षीय NEET अभ्यर्थी ने कोटा में अपने किराए के अपार्टमेंट में कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान खुशबू पटेल के रूप में हुई है। वह दूसरी बार मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही थीं। यह जानकारी बुधवार को पुलिस ने दी।
मंगलवार रात उनकी छोटी बहन कोचिंग क्लास से वापस अपार्टमेंट पहुंची तो खुशबू को छत के पंखे से लटका हुआ पाया। उनकी छोटी बहन भी कोटा में रहकर कोचिंग कर रही है। यह घटना कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के लैंडमार्क सिटी की है।
सुसाइड नोट नहीं मिला, कारण स्पष्ट नहीं
पुलिस ने बताया कि खुशबू के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने यह भी कहा कि इस कदम के पीछे की सही वजह अभी सामने नहीं आई है। हालांकि, बताया जा रहा है कि पिछले NEET-UG प्रयास में करीब 450 अंक आने के बाद वह परेशान थीं।
पुलिस के मुताबिक, उनकी बहन खुशी पटेल JEE की तैयारी कर रही हैं। वह मंगलवार रात करीब 9 बजे जवाहर नगर में क्लास खत्म होने के बाद फ्लैट पर लौटीं। फ्लैट का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार खटखटाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं मिला तो खुशी ने दोस्तों, सिक्योरिटी गार्ड और पड़ोसियों से मदद मांगी।
इसके बाद ताला खोलने वाले को बुलाया गया। दरवाजा खुलने पर खुशबू छत के पंखे से लटकी मिलीं।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा
खुशबू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत) घोषित कर दिया। सर्कल इंस्पेक्टर देवेश भारद्वाज ने बताया कि खुशबू दूसरी बार NEET की तैयारी कर रही थीं और पिछले परीक्षा परिणाम को लेकर तनाव में थीं।
असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने खुशबू के दादा देशराज पटेल की शिकायत पर मामला दर्ज किया है। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। मामले की जांच जारी है।
अधिकारियों के अनुसार, जिस किराए के अपार्टमेंट में खुशबू रह रही थीं, वहां छत के पंखे में एंटी-हैंगिंग डिवाइस नहीं लगा था। कोटा हॉस्टल एसोसिएशन की गाइडलाइंस के तहत हॉस्टल के कमरों में इस डिवाइस का होना जरूरी है। पुलिस के मुताबिक, जनवरी 2026 से कोटा में किसी कोचिंग छात्र की आत्महत्या का यह आठवां मामला है।
कमेंट
कमेंट X