यूजीसी: भौतिकी शोधकर्ताओं के लिए बड़ा अवसर, आर. श्रीनिवासन पुरस्कार के लिए नामांकन शुरू, कौन कर सकता है आवेदन?
Professor R Srinivasan Award 2026: कम तापमान भौतिकी में उल्लेखनीय शोध करने वाले वैज्ञानिकों के लिए प्रोफेसर आर. श्रीनिवासन पुरस्कार के लिए नामांकन मांगे गए हैं। पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र के साथ कुछ धनराशि भी दी जाएगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर है।
विस्तार
Professor R Srinivasan Award 2026: यूजीसी-डीएई वैज्ञानिक अनुसंधान संघ, इंदौर ने कम तापमान भौतिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रोफेसर आर. श्रीनिवासन पुरस्कार के लिए नामांकन आमंत्रित किए हैं। यह वार्षिक पुरस्कार प्रयोगात्मक कम तापमान भौतिकी में उल्लेखनीय योगदान को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, पुरस्कार के लिए वही कार्य मान्य होगा जो भारत में किया गया हो। पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र के साथ 20,000 रुपये की नकद राशि दी जाएगी।
नामांकन की अंतिम तारीख क्या है?
- इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 6 अक्तूबर 2026 तक अपना नामांकन भेज सकते हैं।
- नामांकन एक बार किए जाने के बाद दो साल तक मान्य रहेगा।
- इस दौरान इसमें आवश्यक बदलाव या जानकारी को अपडेट भी किया जा सकता है।
नामांकन के लिए क्या-क्या देना होगा?
नामांकन के साथ उम्मीदवार की उपलब्धियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी देनी होगी। इसमें खास तौर पर कम तापमान भौतिकी के क्षेत्र में किए गए योगदान को स्पष्ट रूप से बताना होगा। इस पुरस्कार के लिए नामांकन भेजने की कोई आयु सीमा नहीं है। नामांकन के साथ ये जानकारी भी देनी होगी:
- उम्मीदवार का विस्तृत जीवन-वृत्त
- कम तापमान भौतिकी के क्षेत्र में किए गए प्रमुख योगदानों का विवरण
- संदर्भ के लिए 10 सबसे महत्वपूर्ण शोध प्रकाशन
- पांच संदर्भदाताओं के नाम
नामांकन कहां और कैसे भेजना होगा?
उम्मीदवार अपना नामांकन ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। इसके लिए rsaward@csr.res.in पर अपनी पूरी जानकारी भेजनी होगी। ईमेल के विषय में “Nomination for RS award” लिखना होगा।
पुरस्कार विजेता का चयन कैसे होगा?
- पुरस्कार के विजेता का चयन एक विशेषज्ञ समिति करेगी।
- यह समिति संस्थान के निदेशक की ओर से गठित की जाएगी।
- चयनित पुरस्कार विजेता को अपने शोध और उपलब्धियों को सामने रखने के लिए एक मंच भी दिया जाएगा।
- इस तरह पुरस्कार केवल आर्थिक सम्मान तक सीमित नहीं है, बल्कि वैज्ञानिक के काम और योगदान को सामने लाने का अवसर भी देगा।
यह पुरस्कार किसकी स्मृति में शुरू किया गया?
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, प्रोफेसर आर. श्रीनिवासन पुरस्कार की शुरुआत यूजीसी-डीएई वैज्ञानिक अनुसंधान संघ, इंदौर में प्रोफेसर श्रीनिवासन के विद्यार्थियों, सहयोगियों और मित्रों की ओर से की गई थी।
प्रोफेसर आर. श्रीनिवासन का कम तापमान भौतिकी के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। आईआईटी मद्रास के हेरिटेज सेंटर के अनुसार, उन्होंने संस्थान में कम तापमान प्रयोगशाला के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और देश में कम तापमान अनुसंधान सुविधाओं के विकास से जुड़े रहे।
कमेंट
कमेंट X