बीएसईबी: सिमुलतला आवासीय विद्यालय में कक्षा छह की प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी जारी, ऐसे करें डाउनलोड
बिहार बोर्ड ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा 2027 की प्रोविजनल आंसर की जारी कर दी है। उम्मीदवार आज, 3 नवंबर तक उत्तर कुंजी डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
विस्तार
बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) ने सिमुलतला आवासीय विद्यालय की कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा 2027 की अस्थायी उत्तर कुंजी जारी कर दी है। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट biharsimultala.com पर जाकर अपनी उत्तर कुंजी देख और डाउनलोड कर सकते हैं।
बोर्ड की ओर से 30 अक्तूबर को जारी सूचना के अनुसार, प्रश्नपत्र पुस्तिका के सभी सेट A, B, C, D, E, F, G, H, I और J की उत्तर कुंजी वेबसाइट पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए 3 नवंबर 2026 तक का समय दिया गया है। यानी आपत्ति दर्ज कराने की आज अंतिम तारीख है।
3 नवंबर तक दर्ज करा सकते हैं आपत्ति
उम्मीदवारों को प्रोविजनल उत्तर कुंजी में किसी जवाब पर संदेह या गलती मिलने पर ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने का मौका दिया गया है। आपत्ति केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार की जाएगी। तय समय के बाद भेजी गई आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। सिमुलतला आवासीय विद्यालय, जमुई में शैक्षणिक सत्र 2027-28 में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए प्रारंभिक परीक्षा 24 अक्तूबर 2026 को आयोजित की गई थी।
सिमुलतला प्रवेश परीक्षा की उत्तर कुंजी कैसे डाउनलोड करें?
उम्मीदवार नीचे दिए गए चरणों का पालन करके मास्टर आंसर की डाउनलोड कर सकते हैं:
- सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट biharsimultala.com पर जाएं।
- होमपेज पर संबंधित उत्तर कुंजी के लिंक पर क्लिक करें।
- अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- इसके बाद 'Download Master Answer' विकल्प पर क्लिक करें।
- उत्तर कुंजी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
- इसे डाउनलोड करके भविष्य के लिए सुरक्षित रख लें।
उत्तर कुंजी पर आपत्ति कैसे दर्ज करें?
अगर किसी उम्मीदवार को उत्तर कुंजी में कोई गलती मिलती है, तो वह इन चरणों के जरिए आपत्ति दर्ज कर सकता है:
- आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर और पासवर्ड से लॉगिन करें।
- होमपेज पर 'Objection Form' विकल्प चुनें।
- प्रश्नपत्र पुस्तिका का सेट कोड, प्रश्न संख्या और आपत्ति का प्रकार चुनें।
- 'Objection/Recommend/Remarks' सेक्शन में अपनी बात और जरूरी जानकारी दर्ज करें।
- प्रत्येक आपत्ति के समर्थन में संबंधित दस्तावेज अलग से अपलोड करें।
- सभी जानकारी भरने के बाद 'Submit' बटन पर क्लिक करें।
उम्मीदवार अपनी दर्ज की गई आपत्तियों की जानकारी वेबसाइट के 'Objection List' सेक्शन में देख सकते हैं।
आज ही पूरी करें आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया
बोर्ड के अनुसार, उम्मीदवारों को संबंधित दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्तियां 3 नवंबर 2026 तक जमा करनी होंगी। अंतिम तारीख के बाद किसी भी स्थिति में आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। उम्मीदवार अधिक जानकारी और उत्तर कुंजी के लिए बिहार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट biharsimultala.com पर जा सकते हैं।
कमेंट
कमेंट X