तमिलनाडु: कक्षा छह से आठ के छात्रों के लिए नाश्ता योजना का दायरा बढ़ा, अब 15.30 लाख बच्चों को मिलेगा लाभ
तमिलनाडु में छात्रों के लिए चल रही नाश्ता योजना का दायरा अब कक्षा 6 से 8 तक बढ़ा दिया गया है। इस पहल के तहत करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को नाश्ते की सुविधा मिलेगी। योजना के जरिए स्कूल जाने वाले छात्रों को सुबह पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।
विस्तार
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने मंगलवार को स्कूली छात्रों के लिए नाश्ता योजना का दायरा बढ़ाने की शुरुआत की। उन्होंने तिरुवनमियूर के गांधी ग्रामम स्थित सरकारी मिडिल स्कूल में योजना की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने छात्रों को खाना परोसा और उनके साथ बैठकर नाश्ता भी किया। इसके बाद उन्होंने कक्षाओं का दौरा किया और छात्रों से बातचीत की।
अधिकारियों के अनुसार, इस योजना का लाभ 15,454 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 6 से 8 तक पढ़ने वाले करीब 15.30 लाख अतिरिक्त छात्रों को मिलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री के. कामराज के नाम पर शुरू की गई ‘पेरुंथलैवर कामराज नाश्ता योजना’ में अब कक्षा 6 से 8 तक के छात्रों को भी शामिल किया गया है।
योजना के लिए 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट
यह योजना छात्रों को पौष्टिक नाश्ता उपलब्ध कराकर उनके स्वास्थ्य और पोषण को बेहतर बनाने में मदद करेगी। इसके लिए चालू वित्त वर्ष में 217.63 करोड़ रुपये का अतिरिक्त बजट दिया गया है। इससे योजना का कुल बजट बढ़कर 724 करोड़ रुपये हो गया है। योजना को पहले 17 सितंबर से शुरू किया जाना था, लेकिन मुख्यमंत्री विजय की लंदन की आधिकारिक निवेश यात्रा के कारण इसे आगे बढ़ा दिया गया था।
मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा क्षेत्रों में 6 अक्टूबर को होने वाले उपचुनावों के कारण चेंगलपट्टू और तिरुपुर जिलों में यह योजना अभी लागू नहीं होगी। इन क्षेत्रों में चुनाव आचार संहिता लागू है। योजना के तहत छात्रों को उपमा, खिचड़ी और पोंगल जैसे पौष्टिक नाश्ते दिए जाएंगे। सप्ताह में दो दिन मोटे अनाज यानी मिलेट से बने नाश्ते के विकल्प भी शामिल होंगे।
अलग-अलग क्षेत्रों में कैसे लागू होगी योजना?
- ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन अपने इंटीग्रेटेड किचन के जरिए 447 सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों में नाश्ता योजना चलाएगा।
- म्युनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन निदेशालय अन्य कॉर्पोरेशन, नगर पालिकाओं और आसपास के टाउनशिप क्षेत्रों के 2,150 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में इंटीग्रेटेड किचन के जरिए योजना लागू करेगा।
- तमिलनाडु महिला विकास निगम ग्रामीण, टाउनशिप और आसपास के ग्रामीण इलाकों के 12,857 सरकारी और सहायता प्राप्त स्कूलों में योजना चलाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है, "नाश्ता संबंधित स्कूलों में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा तैयार और परोसा जाएगा। छात्रों के स्वास्थ्य, पोषण, स्कूल में उपस्थिति और सीखने की क्षमता जैसे पहलुओं को शामिल करके स्कूली शिक्षा की नींव को और मज़बूत करने के लिए इस योजना का विस्तार किया जा रहा है।"
कमेंट
कमेंट X