'सिंघम 2' में अजय संग दिखेंगी करीना कपूर
रोहित शेट्टी की सुपरहिट फिल्म 'सिंघम' के सीक्वल में करीना कपूर नजर आ सकती हैं। वह इस फिल्म में काजल अग्रवाल की जगह लेंगी। फिल्म के हीरो अजय देवगन ही होंगे।
रोहित शेट्टी की ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ का निर्माण इस समय अंतिम दौर में है। इस फिल्म के बाद रोहित अपनी हिट फिल्म ‘सिंघम’ का सीक्वल ‘सिंघम 2’ नाम से बनाएंगे। इस फिल्म में एक बार फिर अजय देवगन होंगे।
फिल्म की स्क्रिप्ट लगभग लिखी जा चुकी है और कलाकारों का चयन करने की प्रक्रिया शुरू होने वाली है। सूत्रों का कहना है कि फिल्म में करीना कपूर को हीरोइन बनने का ऑफर दिया गया है।
खबरों की माने तो करीना कपूर ने इस फिल्म के लिए हामी भर दी है। करीना इन दिनों अजय देवगन के साथ ही 'सत्याग्रह' फिल्म की शूटिंग कर रही हैं।
मालूम हो कि 'सिंघम' में नायिका की भूमिका काजल अग्रवाल ने निभाई थी। 'सिंघम 2' की कहानी नई है और हीरोइन का रोल भी पॉवरफुल है, इसलिए रोहित चाहते हैं कि बेबो उनकी फिल्म की हीरोइन बनें।
'गोलमाल 3' में रोहित और करीना साथ काम कर चुके हैं। अजय-करीना की जोड़ी भी कुछ फिल्मों में नजर आई है।
