आप जल्द ही देखेंगे अजय देवगन का नया अवतार
बॉलीवुड के सबसे फिट और चपल ऐक्टर माने जाने वाले अजय देवगन बॉक्स ऑफिस पर नया धमाल मचाने के लिए तैयार हैं। उनकी नई फिल्म ‘ऐक्शन जैक्सन’ का ट्रेलर मुंबई में बुधवार 22 अक्तूबर को रिलीज होने जा रहा है। फिल्म का निर्देशन प्रभुदेवा ने किया है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों का कहना है कि प्रभुदेवा और अजय की जोड़ी बड़ा कमाल करने जा रही है क्योंकि फिल्म में ऐक्शन के साथ-साथ अजय देवगन जोरदार ढंग से डांस करते भी नजर आएंगे। यान ऐक्शन के साथ फन भी। ऐसे में यह फिल्म अजय की इमेज को एक नया रूप देने के लिए तैयार है।
दमदार होगा अजय का एक्शन
सूत्रों के अनुसार इस तेज रफ्तार फिल्म के लिए अजय ने बहुत मेहनत की है और उनके ऐक्शन वाले सीन वाकई देखने लायक होंगे। उल्लेखनीय है कि अजय के ऐक्शन दृश्यों के दीवाने दर्शकों की संख्या बहुत बड़ी है। इन दीवानों के लिए ऐक्शन जैक्सन किसी तोहफे से कम नहीं होगी।
फिल्म के इन दृश्यों को करने के लिए अजय ने खास तौर पर अपनी बॉडी को शेप दिया है और करीब एक साल तक कड़ी मेहनत की है। उन्होंने मार्शल आर्ट्स से जुड़े ऐक्शन खास तौर पर इस सीन के लिए सीखे।
वे अपनी किसी फिल्म में पहली बार मार्शल आर्ट्स के जादू का इस्तेमाल करते दिखेंगे। जिसमें से कई दृश्यों को शूट करने के लिए देवगन को हफ्तों ट्रेनिंग से गुजरना पड़ा। फिल्म में अजय के साथ सोनाक्षी सिन्हा और यमी गौतम भी हैं। ऐक्शन जैक्सन इस साल पांच दिसंबर को रिलीज होगी।
